कलयुगी बाप ने नाबालिग बेटी को बनाया हवस का शिकार, गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, May 22, 2017 - 02:59 PM (IST)

श्रीनगर : उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में पिछले एक साल से 13 वर्षीय बेटी को हवस का शिकार बनाने के मामले में पुलिस ने उसके कलयुगी बाप को गिरफ्तार कर लिया है। चिकित्सा परीक्षणों में किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। घटना का उस समय खुलासा हुआ जब 13 वर्षीय पीड़िता और उसकी 9 वर्ष की बहन लंगेट इलाके के पास कुपवाड़ा-बारामूला राजमार्ग पर बाजार में घूम रही थी। 

 


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) हंदवाड़ा गुलाम जिलानी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से लड़की अत्यधिक दबाव और तनाव का सामना कर रही थी। इसके बाद वह अपनी छोटी बहन के साथ घर छोड़ कर आ गई। दोनों बहनों को हमारे एक कांस्टेबल रियाज अहमद ने घर जाते समय सड़क पर रोते देखा। उसने बच्चियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। फिर लड़कियों ने डी.एस.पी. शब्बीर खान के पास रोते हुए अपनी व्यथा सुनाई। 

 


पीड़ित बच्ची ने कहा कि पिता द्वारा बार-बार उससे दुष्कर्म किया जा रहा है। जब उसने अपने चाचा और चाची को इस संबंधी बताने की कोशिश की तो उसको चुप रहने के लिए कहा गया। आरोपी लड़कियों को पीटता था। उसने दोनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया था। उनको किसी से भी मिलने और कहीं जाने की इजाजत नहीं थी। महीनों तक चुप रहने के बाद पीड़िता ने अंतत: पिता द्वारा यौन उत्पीड़न से बचने के लिए भागने का फैसला लिया। इसलिए एक दिन सुबह जब उन्होंने पिता को घर में नहीं पाया तो दोनों को मौका मिला और वे घर से भाग गईं। अधिकारी ने कहा कि बिना पैसे और कोई भी गंतव्य नजर न आने पर वह आत्महत्या करने का विचार कर रही थी। लड़की ने हमें बताया कि वह कहीं भी जाएगी, लेकिन घर नहीं जाएंगी। पुलिस ने कहा कि आरोपी विधुर था। उसकी पत्नी की 4 साल पहले मौत हो गई थी। उसके 3 बच्चे थे। 

 


एस.एस.पी. हंदवाड़ा ने कहा कि पीड़िता के रिश्तेदार अब गवाह बनने के लिए सहमत हो गए हैं। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि चार्जशीट कम से कम समय में दायर की जाए और आरोपी को अदालत द्वारा सख्त सजा मिले। उन्होंने कहा कि पुलिस अब लड़कियों को आश्रय गृह में शिफ्ट करने की प्रक्रिया में है ताकि वे आघात से बाहर निकल सकें। एस.एस.पी. ने कहा कि करियर में पहली बार ऐसी घटना सुन कर आंखों में आंसू आ गए। मैंने इससे बुरी चीजें देखी हैं, लेकिन इस बार मैं खुद को नियंत्रित नहीं कर सका।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News