जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एकतरफ से यातायात शुरू, चार दिनों से बंद था मार्ग

Sunday, Jan 05, 2020 - 04:27 PM (IST)

जम्मू: रामबन जिले में भूस्खलन के कारण चार दिनों से बंद रहे 270 किमी लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को रविवार को एकतरफ से यातायात के लिए खोल दिया गया है। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भूस्खलन के बाद डिगडोल और चंदरकोट में राजमार्ग पर जमा हुए मलबे और पत्थरों को हटाने के बाद श्रीनगर से जम्मू की ओर वाहनों को जाने की अनुमति दे दी गई। उन्होंने कहा कि फंसे हुए ट्रकों समेत सभी वाहनों को शनिवार शाम गंतव्य की ओर जाने की इजाजत दे दी गई। 


रामबन जिले के डिगडोल और चंदरकोट में भूस्खलन के बाद बुधवार को राजमार्ग बंद कर दिया गया था, जिससे मार्ग पर हजारों यात्री फंसे हुए थे। जम्मू और श्रीनगर में सर्दियों में इस राजमार्ग पर सड़कों की हालत और चार लेन परियोजना के चल रहे काम को ध्यान में रखते हुए यातायात श्रीनगर और जम्मू से वैकल्पिक कर दिया जाता है। मौसम विभाग ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजी बर्फबारी के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 


अधिकारी ने बताया कि जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो शनिवार रात के 7.3 डिग्री से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम है। उन्होंने कहा कि डोडा जिले का भद्रवाह शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम न्यूनतम तापमान के साथ क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा। उसके बाद रामबन जिले के बनिहाल में शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया। डोडा, रामबन और किश्तवाड़ समेत जम्मू क्षेत्र के ऊंचाई वाले स्थानों पर शनिवार को हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई।


रियासी जिले में माता वैष्णो देवी जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए आधार शिविर कटरा में मामूली गिरावट के बाद न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों ने घाटी के अधिकांश हिस्सों और जम्मू क्षेत्र के ऊंचाई वाले स्थानों पर छह जनवरी की शाम से दो दिनों तक हल्की से मध्यम बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया है। 

rajesh kumar

Advertising