भूस्खलन के कारण बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 13 घंटे बाद फिर से खुला

Sunday, Nov 10, 2019 - 01:20 PM (IST)

जम्मू: रामबन जिले में भीषण भूस्खलन के कारण शनिवार को बंद किए गए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को 13 घंटे बाद रविवार को खोल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सुबह तीन बजे मलबा पूरी तरह हटा दिया गया था, जिसके बाद यातायात बहाल किया गया। 



रामबन से दो किलोमीटर की दूरी पर राजमार्ग के पास महार में शनिवार दोपहर करीब दो बजे एक भीषण भूस्खलन हुआ था। इससे पहले बर्फबारी और भूस्खलन के कारण राजमार्ग दो दिन तक बंद रहा था। अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह जम्मू और श्रीनगर दोनों ओर हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। भारी वाहनों को केवल कश्मीर जाने वाले मार्ग पर ही अनुमति दी गई है। 



कश्मीर घाटी और जम्मू क्षेत्र के ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित राजमार्ग के पास जवाहर सुरंग में भारी बर्फबारी के कारण गुरुवार को राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया था। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के सीमावर्ती पुंछ और राजौरी जिलों को जोड़ने वाला मुगल मार्ग पांचवें दिन भी बंद रहा।

rajesh kumar

Advertising