बर्फबारी व भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद, 4,000 वाहन फंसे

Friday, Nov 08, 2019 - 04:42 PM (IST)

जम्मू: भारी बर्फबारी और भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। जिसके कारण यहां 4,000 से अधिक वाहन फंस गए। अधिकारियों ने बताया कि ऊंचाई पर स्थित क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते जम्मू क्षेत्र के पुंछ और राजौरी जिलों को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से जोड़ने वाले मुगल रोड पर शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी यातायात बंद रखा गया। 



एक अधिकारी ने कहा विभिन्न स्थानों पर बर्फ जमा होने और समरोली में भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग आज लगातार दूसरे दिन बंद है। परिणामस्वरूप मार्ग में 4,000 से अधिक वाहन विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार यहां फंसे वाहनों में से ज्यादातर ट्रक हैं और ये राजमार्ग पर नगरोटा, उधमपुर, रामबन, बनिहाल, सिधरा, सांबा और कठुआ क्षेत्रों में फंसे हुए हैं।



अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर बर्फबारी और फिसलन के कारण जम्मू या श्रीनगर की ओर से किसी भी वाहन को आने जाने की अनुमति नहीं है। वाहनों को जम्मू के बाहरी इलाके में नगरोटा ट्रैफिक चेकपोस्ट पर रोक दिया गया है। उधमपुर में भी वाहन रोके गए हैं। पीर की गली और शोपियां इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण मुगल रोड शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन यातायात के लिए बंद रही। 

rajesh kumar

Advertising