जम्मू-कश्मीर, लद्दाख क्षेत्र में कड़ाके की ठंड, द्रास में सबसे कम तापमान

punjabkesari.in Tuesday, Dec 17, 2019 - 01:26 PM (IST)

श्रीनगर/जम्मू: लद्दाख व जम्मू-कश्मीर के अधिकतर क्षेत्रों में सोमवार को पारा गिरने के साथ ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लद्दाख के द्रास में पारा शून्य से 27.2 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं कई स्थानों पर भूस्खलन एवं बर्फबारी के कारण 4 दिन से बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को यातायात के लिए पुन: खोल दिया गया। वहीं कुपवाड़ा से सीमावर्ती केरान शहर के बीच सड़क यातायात भी सोमवार को फिर से शुरू हो गया। वहीं माछिल व कर्नाह रोड अभी भी बंद है।

PunjabKesari

मौसम विभाग ने इन 2 केंद्र शासित प्रदेशों में अगले 4 दिनों तक शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जताई है। द्रास शहर को लद्दाख क्षेत्र का ‘प्रवेश द्वार’ कहा जाता है और यह शून्य से 27.2 डिग्री सैल्सियस नीचे तापमान के साथ सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। इस तापमान के साथ द्रास देश का सबसे ठंडा आवासीय स्थान है। द्रास में 9 जनवरी 1995 को न्यूनतम तापमान शून्य से 60 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज हुआ था। लद्दाख के लेह क्षेत्र में तापमान शून्य से 16.7 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। पिछले सप्ताह अप्रत्याशित रूप से श्रीनगर में बर्फबारी के बाद यहां दिन और रात का तापमान क्रमश: 5.8 डिग्री सैल्सियस और शून्य से 1.6 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

PunjabKesari

उत्तरी कश्मीर के लोकप्रिय स्की रिजॉर्ट गुलमार्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं दक्षिणी कश्मीर के पर्वतीय रिजॉर्ट पहलगाम में तापमान शून्य से 10 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू के बटोत और भद्रवाह में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 1.9 डिग्री सैल्सियस नीचे और शून्य से 1.7 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वैष्णो देवी तीर्थयात्रा के लिए आधार शिविर के रूप में इस्तेमाल होने वाले रियासी जिले के कटड़ा में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

PunjabKesari 

4000 से अधिक फंसे वाहनों को निकाला
यातायात नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा कि भूस्खलन और बर्फबारी के पश्चात सड़क से मलबा हटाए जाने के बाद पूर्वाह्न 10 बजे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया, जिससे राजमार्ग बंद होने के कारण 4000 से अधिक फंसे वाहनों को निकाला गया। रामबन और पंथाल क्षेत्रों के बीच कुछ स्थानों एवं पत्नीटॉप में भूस्खलन और बर्फबारी के कारण गुरुवार को राजमार्ग बंद कर दिया गया था।

शहर से जिला मुख्यालय बांदीपोरा तक सड़क संपर्क बाधित
कुपवाड़ा पुलिस नियंत्रण कक्ष के अधिकारी ने बताया कि जिले के नियंत्रण रेखा के पास स्थित कई गांव समेत सीमावर्ती शहर कर्नाह व माछिल में सड़कों पर बर्फ जमी हुई है तथा फिसलन की स्थिति बनी हुई है जिससे इन शहरों और अन्य दूर-दराज इलाकों में पिछले 6 दिनों से यातायात बाधित है। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से तीनों ओर से घिरे सीमावर्ती गुरेज शहर से जिला मुख्यालय बांदीपोरा तक सड़क संपर्क बाधित है।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Author

rajesh kumar

Recommended News

Related News