J&K Weather: जम्मू-कश्मीर में बारिश, हिमपात के आसार, 11 जिलों में Orange Alert

punjabkesari.in Friday, Mar 01, 2024 - 02:00 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर: केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश और हिमपात होने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने यह जानकारी दी है। जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में 3 मार्च तक मौसम में नमी रहने के आसार हैं। उत्तरी कश्मीर, मध्य और दक्षिण कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों और जम्मू संभाग की पीरपंजाल रेंज में भारी से अतिभारी हिमपात होने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने एक से दो मार्च तक प्रदेश के 11 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा कि प्रदेश के कुछ स्थानों पर 1 और 2 मार्च को तेज हवाओं के साथ गरज के साथ छींटे और ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम कार्यालय ने मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में अतिभारी हिमपात के मद्देनजर यात्रियों और पर्यटकों को मौसम को देखते हुए घर से बाहर निकलने की योजना बनाने के लिए प्रशासन के निर्देश का पालन करने की सलाह दी है। 

उन्होंने लोगों से पर्वतीय इलाकों में रहने वाली आम जनता को हिमस्खलन संभावित और ढलान वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी है क्योंकि कुछ स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका व्यक्त की गई है। इसके अलावा किसानों को मार्च के पहले सप्ताह के दौरान सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों को रोकने की भी सलाह दी गई है। 

इन क्षेत्रों में तापमान में रही गिरावट

इस बीच, कश्मीर घाटी के अधिकांश क्षेत्रों पर रात के तापमान में गिरावट देखी गई। श्रीनगर में कल रात में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इससे पिछली रात यह 4.5 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सैल्सियस अधिक दर्ज किया गया था। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान पिछली रात के 2.0 के मुकाबले शून्य से 1.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। पर्यटक स्थल गुलमर्ग में सबसे अधिक ठंड रही और यहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन शून्य से 5.6 डिग्री सैल्सियस नीचे रहा। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री सैल्सियस अधिक रहा। पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान पिछली रात के शून्य से नीचे 2.6 डिग्री सैल्सियस के मुकाबले शून्य से नीचे 4.4 डिग्री सैल्सियस तक लुढ़क गया और यह दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल के लिए सामान्य से 0.9 डिग्री सैल्सियस कम था। प्रदेश के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सैल्सियस के मुकाबले गिरकर शून्य से नीचे 1.7 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया।

ये भी पढ़ेंः- जम्मू-कश्मीर के स्कूलों में शीतकालीन छुट्टियों में हुई बढ़ौतरी


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Neetu Bala

Recommended News

Related News