J&K और लद्दाख में तापमान बढ़ने से लोगों को हल्की राहत, लेह में पारा 2.8 डिग्री बढ़ा

punjabkesari.in Wednesday, Dec 04, 2019 - 05:30 PM (IST)

जम्मू: केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर और लद्दाख के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार को पारा चढ़ा जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। इससे एक दिन पहले क्षेत्र में मौसम की सबसे ठंडी रात देखी गई। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ा और शून्य से 12.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि श्रीनगर में पिछली रात के शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे के मुकाबले 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

PunjabKesari

उन्होंने बताया कि शीतकालीन राजधानी जम्मू में भी रात के तापमान में मामूली सुधार आया और वहां साल के इस मौसम के दौरान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम 7.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बीते हफ्ते ऊंचे इलाकों में हिमपात और मैदानी हिस्सों में बारिश के बाद जम्मू कश्मीर और लद्दाख में रात का तापमान गिरना शुरू हो गया था। दिन का तापमान सामान्य है और मौसम विभाग ने 10 दिसंबर तक शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है। 

PunjabKesari

अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर का पर्वतीय रिजॉर्ट पहलगाम का तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा। उन्होंने बताया कि उत्तर कश्मीर के प्रसिद्ध स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अभी वहां कई फुट तक बर्फ पड़ी हुई है। अधिकारी ने बताया कि उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा शहर में ठंड का जबरदस्त कहर है और वहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंड में माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस और कोकेरनाग में माइनस 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

PunjabKesari

उन्होंने बताया कि जम्मू के रियासी जिले में वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए आधार शिविर कटरा में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं डोडा जिला का भद्रवाह शहर 0.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ क्षेत्र में सबसे ठंडा स्थान रहा। इस बीच, हिमाचल प्रदेश का लाहौल स्पीति जिला जबरदस्त ठंड की चपेट में है। वहां बुधवार को न्यूनतम तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

PunjabKesari

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में केलोंग माइनस 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। मशहूर पर्यटक स्थल मनाली में तापमान शून्य पर पहुंच गया है। कुफरी, डलहौजी और शिमला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.8, 6.9 और 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Author

rajesh kumar

Recommended News

Related News