वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से व्यापारी वर्ग को दी गई जी.एस.टी. की जानकारी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 19, 2017 - 02:25 PM (IST)

ऊधमपुर: जी.एस.टी. के प्रति व्यापारी वर्ग को जागरूक करने के लिए जिला विकास आयुक्त कार्यालय परिसर के कांफ्रेंस हॉल में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जी.एस.टी. ट्रेंड सी.टी.ओ. सहित वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से व्यापारियों को जी.एस.टी. से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी शंकाओं को दूर करने के लिए कई सवाल भी पूछे। बैठक डी.सी. नीरज कुमार की देखरेख में संपन्न हुई।

 


बैठक का आयोजन डिवकॉम जम्मू की देखरेख में किया गया था, जिसमें वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से स्टेट टैक्स डिपार्टमैंट की एडीशनल कमिश्नर (एडमिन.) अनु मल्होत्रा ने जी.एस.टी. के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी देने की कोशिश की। ऊधमपुर जिले के साथ-साथ डोडा, ऊधमपुर, किश्तवाड़, रामबन, पुंछ, रियासी, कठुआ एवं जम्मू जिले में भी इसी तरह की बैठकें बुलाई गई थीं, जिनमें जिले के सभी व्यापारी वर्ग ने हिस्सा लिया और उन्हें वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जी.एस.टी. के बारे में पावर प्वाइंट के माध्यम से प्रैजैंटेशन दी गई। बैठक में बताया गया कि पहले किस तरह किसी उत्पाद को तैयार करने के बाद विभिन्न वितरकों से होकर उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाली चीजों पर निर्माण कर, एक्साइज, सेल्स, वैट आदि टैक्स का बोझ पड़ता था, लेकिन अब मात्र जी.एस.टी. लगने से व्यापारियों को किस हद तक राहत प्राप्त होगी। खासकर वार्षिक 20 लाख रुपए तक कारोबार करने वालों को जी.एस.टी. से बाहर रखा गया है और उन्हें जी.एस.टी. नंबर लेने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। जिन लोगों के पास पहले से टिन नंबर मौजूद है, उनका नंबर जी.एस.टी. में माइग्रेट कर दिया जाएगा। इसके अलावा बैठक में किन-किन उत्पादों में कितना जी.एस.टी. लगेगा, इसकी भी जानकारी दी गई।

 


वक्ताओं ने बताया कि लग्जरी वाहन, जिनकी कीमत 10 लाख रुपए से ऊपर है, पर 28 प्रतिशत जी.एस.टी. सहित अन्य कर भी लागू होगा, जिसके कारण लग्जरी वाहनों की कीमत बढ़ जाएगी, जबकि 10 लाख से कम कीमत वाले वाहन सस्ते होंगे। इससे मध्यम वर्ग को वाहन खरीदने में भी लाभ मिलेगा। बैठक में ए.डी.सी. अवनी लवासा, डी.आई.ओ. एन.आई.सी. अनिल शर्मा, डी.आई.ओ. ईशा चिब व होटल एवं बार एसोसिएशन के विक्रम सिंह सलाथिया आदि मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News