जम्मू-कश्मीर में महिलाएं घर-घर जाकर फैला रहीं आई.एस. की विचारधारा

Sunday, Jun 24, 2018 - 09:42 AM (IST)

श्रीनगर: आतंकवाद से जूझ रहे जम्मू-कश्मीर के लिए एक और बुरी खबर है, अब घाटी में आतंकी संगठन आई.एस. की कट्टर विचारधारा फैलाने के लिए महिलाओं का एक संगठन सक्रिय हो गया है। दौलत-उल-इस्लाम संगठन की महिलाएं इन दिनों घाटी में लोगों के घरों में जाकर और कुछ छोटे-छोटे समूहों में भाषणों के जरिए आई.एस. की विचारधारा को फैलाने में जुटी हुई हैं। 

पिछले दिनों एक आतंकी ईशा फाजली के सेना की कार्रवाई में मारे जाने के बाद हुई जांच में इस संगठन की कारगुजारियों का खुलासा हुआ है। खुफिया विभाग ने इससे संबंधित जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को दी है। दौलत उल इस्लाम नाम से महिलाओं का यह संगठन घाटी में अपने भाषणों के जरिए युवाओं को अपनी साजिश का शिकार बना रहा है।

सूत्रों के मुताबिक इस रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि गत 27 फरवरी को घाटी में सेना की कार्रवाई में मारे गए आतंकी ईशा फाजली के मामले की जांच में इस संगठन का नाम सामने आया। सामने आया कि इस संगठन की महिलाओं ने फाजली को भी कट्टर विचारधारा के बारे में बताया था। 
 

kirti

Advertising