अमरनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर का किराया निर्धारित

Wednesday, Jun 07, 2017 - 02:03 PM (IST)

जम्मू : श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने मंगलवार को हेलीकॉप्टर सर्विस के प्रबंधों को अंतिम रूप दिया है। श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सी.ई.ओ.) उमंग नरूला ने बैठक में राज्यपाल एन.एन. वोहरा को हवाई प्रबंधों की संपूर्ण जानकारी दी। आपको बता दें कि राज्यपाल वोहरा श्राइन बोर्ड के चेयरमैन भी हैं। सी.ई.ओ. ने बताया कि 29 जून, 2017 से नीलगरथ से पंजतरणी क्षेत्र तक ग्लोबल विक्ट्रा हेलीकार्प लिमिटेड व यू.टी. एयर प्राइवेट लिमिटेड सुविधा उपलब्ध करवाएंगी वहींं पहलगाम से पंजतरणी तक हवाई सेवा हिमालयन हैली सर्विस प्राइवेट लिमिटेड मुहैया करवाएगी। नीलगरथ से पंजतरणी तक की यात्रा के लिए 1715 रुपए तथा पहलगाम से पंजतरणी की यात्रा हेतु 2950 रुपए हवाई किराया निर्धारित किया गया है। अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक 27,320 टिकटें आरक्षित की गई हैं। उधर सुरक्षा एजैंसियों ने अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले होने का खतरा जताया है, जिसके लिए सेना के जवानों और जम्मू-कश्मीर पुलिस को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। 

 

अमरनाथ गुफा जाने के लिए अब देना होगा चिकित्सा प्रमाण-पत्र
श्री अमरनाथ यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अब चिकित्सा प्रमाण-पत्र देना होगा। वहीं 13 से कम एवं 75 से अधिक आयु के लोगों को यहां आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। श्री अमरनाथ मंदिर बोर्ड (एस.ए.एस.बी.) ने एक परामर्श जारी कर कहा है कि तीर्थयात्रा की अनुमति के लिए हर तीर्थयात्री को एक आवेदन पत्र और अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र (सी.एच.सी.) जमा करवाना होगा।  परामर्श में बताया गया है कि एक व्यक्ति केवल एक ही पंजीकरण करवा सकता है। 

Advertising