कोहरे की चपेट में है धरती का स्वर्ग

Tuesday, Dec 01, 2015 - 05:13 PM (IST)

जम्मू कश्मीर: कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस मौसम में पहली बार घाटी के सभी इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। श्रीनगर समेत घाटी के अधिकांश इलाकों में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हुई है। खासकर जलाशयों के आसपास के इलाकों में।
 


श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा के अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण हवाई यातायात पर कोई प्रभाव नही पड़ा और सभी उड़ानें समयानुकूल रही।


मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि इस मौसम में कोहरा होना सामान्य बात है और बारिश या बर्फबारी होने तक ऐसा ही चलता रहेगा।
उन्होंने बताया कि तापमान में गिरावट का दौर अभी जारी रहेगा और घाटी में ठंड और बढ़ेगी। इस मौसम में पहली बार पूरी घाटी में रात का तापमान शून्य से नीचे रहा।


उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यह इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात थी। इससे पिछले दिन न्यूनतम तापमान शून्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
 

Advertising