जी.एस.टी. को लेकर व्यापारियों ने भाजपा मुख्यालय के बाहर किया प्रदर्शन

Sunday, Jul 02, 2017 - 03:57 PM (IST)

श्रीनगर : राज्य में जी.एस.टी. लागू न होने के विरोध में चैम्बर्स ऑफ ट्रेडर्स फैडरेशन, फैडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज और बड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन ने भाजपा मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में तुरंत जी.एस.टी. लागू करने की मांग की। इस दौरान फैडरेशन के नेताओं ने कहा कि जब पूरे भारत के सांसदों ने मध्यरात्रि में जी.एस.टी. का स्वागत करने के लिए एक उत्सव के लिए खुद को तैयार किया तो उस समय जम्मू क्षेत्र के व्यापारी एक आखिरी मौके के चमत्कार की आशा कर रहे थे। 

 

उन्होंने कहा कि जी.एस.टी. के लागू न होने से राज्य में व्यापारिक गतिविधियां ठप्प हो गई हैं और सभी आवश्यक वस्तुओं की कमी हो गई है। जम्मू-कश्मीर के व्यापारी अपने आपको ठगा-सा महसूस कर रहे हैं, क्योंकि पूरे देश में जी.एस.टी. लागू हुआ, केवल जम्मू कश्मीर में अभी जी.एस.टी. लागू नहीं हो पाया है। अब उम्मीद है कि राज्य में भाजपा 6 जुलाई को कड़ा स्टैंड लेगी और जी.एस.टी. को लागू करवाने में सफल रहेगी। 

 

इसके अलावा व्यापारियों ने जी.एस.टी. की सीमा 20 लाख तथा माल पर टोल टैक्स समाप्त करने की भी मांग की। नेताओं ने भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा को ज्ञापन भी सौंपा। इस अवसर पर सत शर्मा ने कहा कि भाजपा जी.एस.टी. लागू करवा कर ही दम लेगी। 

Advertising