जनरल रणबीर सिंह ने कश्मीर का दौरा किया, चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा

Thursday, Oct 10, 2019 - 07:18 PM (IST)

जम्मू: भारतीय सेना की उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने गुरुवार को कश्मीर में सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया और सैनिकों को उभरती सुरक्षा चुनौतियां के लिए तैयार रहने को कहा। 



सेना के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि जनरल रणबीर सिंह ने चिनार कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल के जे एस ढिल्लों के साथ नियंत्रण रेखा, घाटी के अंदरूनी क्षेत्रों और सीमावर्ती जिलों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि जनरल सिंह ने उभरती सुरक्षा चुनौतियों के प्रति सचेत रहने की जरूरत को दोहराया और सुरक्षा बलों के बीच समन्वय की सराहना की। 



अधिकारी के अनुसार उन्हें ताजा हालात के अलावा घुसपैठियों और आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से अवगत कराया गया। जनरल सिंह ने दूरदराज के इलाकों में ‘सद्भावना' जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सेना को आम जनता से मेलजोल बढ़ाने के लिए बधाई दी। गौरतलब है कि सेना कश्मीर की जनता के लिए शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और आपदा के समय सहायता जैसे मानवीय क्षेत्रों में भी कार्य करती है। जनरल रणबीर सिंह ने विपरीत और कठिन परिस्थितियों में दुश्मन के इरादों को नाकाम करने के लिए सैनिकों की प्रशंसा की। 
 

rajesh kumar

Advertising