महिला कालेज में 4 छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश, दहशत

punjabkesari.in Sunday, Sep 10, 2017 - 10:40 AM (IST)

श्रीनगर : राज्य जम्मू-कश्मीर में चोटी काटने के निरंतर बढ़ रहे मामलों के चलते जहां हर तरफ विशेषकर महिलाओं में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं आज शहर के परेड क्षेत्र में स्थित महिला कालेज में संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश हुईं 4 छात्राओं का मामला सामने आने के बाद अफवाहों का बाजार गर्म है। जानकारी के अनुसार महिला परेड कालेज में शनिवार सुबह 4 छात्राएं रहस्यमयी परिस्थितियों में बेहोश हो गईं। कालेज प्रशासन द्वारा चारों छात्राओं को अचेत अवस्था में जम्मू के राजकीय मैडीकल कालेज अस्पताल पहुंचाया गया। चारों छात्राओं के चेहरों में भय साफ दिखाई दे रहा था। सूत्रों की मानें तो कालेज में छात्राओं का एक समूह चोटी कटने के मामलों को लेकर वार्तालाप कर रहा था। 

 

चारों छात्राओं को उपचार हेतु कालेज प्रशासन ने जी.एम.सी. पहुंचाया, जहां उनकी पहचान सपना, सोनाली, रीमा और संजना के रूप में की गई है। इस घटना के बाद स्कूली व कालेज की छात्राओं और उनके परिजनों में खासा भय बना हुआ है।

 

फोबिया डिसआर्डर का है मामला : सी.एम.ओ. 
इस संदर्भ में जी.एम.सी. के सी.एम.ओ. डा. राजिन्द्र थापा से बात करने पर उन्होंने बताया कि परेड कालेज से 4 छात्राओं को अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया था। उनका कहना था कि यह मामला फोबिया डिसआर्डर का है। आजकल चोटी कटने के मामलों की सूचनाओं के चलते लोगों विशेषकर महिलाओं में खासा भय है, जिसके चलते इस तरह की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि उक्त छात्राओं को उपचार के उपरान्त छुट्टी दे दी गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News