गोलाबारी के चलते गांव में अंत्येष्टि करना हुआ दुश्वार

Thursday, May 24, 2018 - 10:03 AM (IST)

साम्बा : भारत-पाक सीमा से सटे बैनगलाड गांव में सन्नाटा पसरा है। बुधवार सुबह पाक की गोलाबारी के दौरान दागे गए एक मोर्टार शैल की चपेट में आकर यहां एक बच्चे व एक महिला की मौत हो गई थी। 8 वर्षीय बालक कृष्ण और 45 वर्षीय शामो देवी पाक गोलीबारी में मारे गए थे, जिसके बाद से गांव में दहशत का माहौल है। गांव के अधिकांश लोग घरों को छोड़ कर जा चुके हैं जिनमें कई चीची देवी मंदिर में बनाए गए राहत शिविर में पहुंचे हैं, जबकि कई अन्य ने अपने रिश्तेदारों के घरों में शरण ले रखी है।

गोलाबारी का आलम ऐसा रहा कि मृतका शामो देवी के शव को अंत्येष्टि के लिए वापस गांव तक नहीं ले जाया सका। पाक गोलाबारी के डर से मृतका के शव को सपवाल के निकट हरमंदर में लाया गया और वही उसका दाह-संस्कार किया गया। अंत्येष्टि में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
 

तनावपूर्ण माहौल में परिजनों ने मृतका को मुखाग्रि भेंट की। इस दौरान भाजपा विधायक चौ. लाल सिंह के अलावा प्रदेश कांगे्रस कमेटी के उपाध्यक्ष रमण भल्ला, महासचिव मंजीत सिंह, पूर्व सांसद मदन लाल शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष भगत भी प्रमुख रूप से मौजूद थे। 

kirti

Advertising