सी.आर.पी.एफ. की 187 बटालियन ने मनाया 78वां स्थापना दिवस

Friday, Jul 28, 2017 - 04:51 PM (IST)

ऊधमपुर: बट्टलवालियां स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) की 187 बटालियन द्वारा 78वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कमांडैंट सोमनाथ महाराणा द्वारा बटालियन मुख्यालय में ध्वजारोहण किया गया तथा स्थापना दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई, 1939 को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की स्थापना नीमच मध्य प्रदेश में काऊन रिप्रैजैंटेटिव पुलिस के रूप में हुई। इसका प्रारम्भिक काम देशी रजवाड़ों में कानून व व्यवस्था बनाए रखना था। देश की आजादी इस बल के लिए भी एक बड़ा परिवर्तन लेकर आई और इसका नाम केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स कर दिया गया। 19 मार्च, 1950 को सरदार पटेल ने दिल्ली में हुए एक शानदार समारोह में बल को ध्वज प्रदान किया।

 

इस अवसर पर कमांडैंट द्वारा अधिकारियों व जवानों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों व जवानों को इसी प्रकार आगे भी लगन से कार्य करने के लिए तत्पर रहने हेतु कहा। इसके अतिरिक्त बटालियन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा शहीद गौरव कुमार के आवास, जोकि गांव-राथियां, पोस्ट धार रोड सतैनी, ऊधमपुर में स्थित है, पर जाकर परिजनों से बातचीत की। उन्होंने शहीद गौरव कुमार द्वारा सी.आर.पी.एफ. के प्रति दी गई कुर्बानियों पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
 

Advertising