वकीलों के समर्थन में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ किया धरना-प्रदर्शन

Tuesday, Dec 10, 2019 - 02:33 PM (IST)

साम्बा: भूमि पंजीकरण के अधिकार राजस्व विभाग को सौंपे जाने के राज्य प्रशासन के फैसले के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हड़ताली वकीलों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन दिया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पूर्व मंत्री मंजीत सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता आज जम्मू पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांबा जिला के विजयपुर चौक में एकत्र होकर धरना दिया व चेतावनी दी कि यदि सरकार ने वकीलों की मांगेंं न मानी तो कांग्रेस पार्टी सडक़ों पर उतरेगी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह ने कहा कि सरकार के इस फैसले से आम लोगों में भारी रोष है और सरकार जनहित को देखते हुए जल्दी इस फैसले को वापस ले। उन्होंने कहा कि आम जनता का न्यायालयों पर पूरा विश्वास है जबकि राजस्व विभाग पहले ही लूट-खसूट के लिए कुख्यात है। ऐसे में जमीनों की रजिस्ट्रेशन का काम राजस्व अधिकारियों को सौंपे जाने से हेराफेरी और भ्रष्टाचार बढ़ेगा और इसके परिणामस्वरूप कानूनी विवाद भी बढ़ेंगे। छोटे राजस्व कर्मियों पर भूमि माफिया के हाथों में खेलने का आरोप लगाते उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में छोटे-मोटे कामोंं के लिए भी भारी-भरकम रकम देनी पड़ती है। इसलिए लोग महसूस कर रहे हैंकि नई पंजीकरण व्यवस्था से रिश्वत का बोलबाला होगा। इसलिए यह पंजीकरण अधिकार वापस न्यायिक अधिकारियों को सौंपे जाएं।



पूर्व मंत्री मंजीत सिंह ने कहा कि वकील आम लोगों के लिए लड़ रहे हैं, इसलिए लोगों को चाहिए कि वह भी सामने आएं व वकीलों का साथ दें। क्योंकि वकील हमेशा से लोगों की आवाज उठाते आए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, सरोर में टोल प्लाज़ा लगाने का मुद्दा उठाया और रेत-बजरी के खनन को बंद करने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे विकास कार्य रूक गए हैं व लोग परेशान हो रहे हैं। 

rajesh kumar

Advertising