फिर बर्फबारी के आसार, कश्मीर में 24 घंटे के दौरान बर्फबारी की संभावना

Sunday, Jan 05, 2020 - 04:52 PM (IST)

श्रीनगर: कश्मीर में अगले दो दिनों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में अगले 48 घंटे में हल्की से मध्यम स्तर की बर्फबारी की संभावना है। उन्होंने बताया कि आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिस वजह से रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है।


कल रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया है। अधिकारी ने बताया कि उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान कल रात शून्य से 10.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया, जो शनिवार की तुलना में चार डिग्री सेल्सियस कम है। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में रात का पारा शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जो कल की तुलना में करीब सात डिग्री सेल्सियस नीचे था। 


कश्मीर घाटी के द्वार कहे जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 16.4 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया है। कश्मीर में 40 दिन का ‘चिल्लई कलां' चल रहा है। इन 40 दिनों में काफी सर्दी पड़ती है और बर्फबारी की संभावना काफी ज्यादा रहती है। ‘चिल्लई कलां' की शुरुआत 21 दिसंबर को हुई थी और यह 31 जनवरी को खत्म होगा। 

rajesh kumar

Advertising