कैडेट अपनी वर्दी को गर्व के साथ पहनें, यही देश सेवा करने का जज्बा सिखाती है : वोहरा

Friday, Aug 18, 2017 - 11:27 AM (IST)

जम्मू : राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने लेह में जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय कैडेट कोर (एन.सी.सी.) निदेशालय द्वारा आयोजित विशेष राष्ट्रीय एकता शिविर (एस.एन.आई.सी.) में भाग लिया। शिविर में देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 200 एन.सी.सी. कैडेट पहुंचे। शिविर में आने पर गवर्नर को कैडेटों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया गया। राष्ट्रीय कैडेट कोर के महत्व पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि सभी कैडेटों को अपनी वर्दी को गर्व के साथ पहनना चाहिए क्योंकि यह देश की सेवा करने का जज्बा सिखाती है। उन्होंने कहा कि देश को अंदर और बाहर से मजबूत करने की आवश्यकता है। कैडेट युद्ध या बाहरी आक्रमण के खिलाफ  अपनी क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए हर समय पूरी तरह से तैयार रहें।

 

राज्यपाल ने एन.सी.सी. गतिविधियों को दूरस्थ लद्दाख क्षेत्र में आयोजित किए जाने के लिए एन.सी.सी. निदेशालय जनरल की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के सीमावर्ती इलाकों में एन.सी.सी. विशेष राष्ट्रीय एकता शिविर का संगठन बहुत ही महत्व रखता है। अनुशासन, साहस, चरित्र और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के अलावा शिविरों में लड़कों और लड़कियों को लद्दाख जैसे स्थानों की यात्रा करने व ग्रेटर हिमालय की शानदार सुंदरता का आनंद लेने के लिए एक शानदार अवसर प्रदान किया गया है।

 

वहीं जम्मू और कश्मीर निदेशालय के राष्ट्रीय कैडेट कोर के अपर महानिदेशक मेजर जनरल नीलेंद्र कुमार ने शिविर के उद्देश्यों को बताया। उन्होंने कहा कि देश भर से वरिष्ठ डिवीजन कैडेट (लड़के और लड़कियां) इस विशेष शिविर में भाग ले रहे हैं, जो राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा देने और कैडेटों के बीच साहसिक व अखंडता की भावना पैदा करने के लिए आयोजित किया गया है। इस अवसर पर कैडेटों ने देश के समग्र सांस्कृतिक विरासत के विषय पर आधारित एक मनोरम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सहकारिता एवं लद्दाख मामलों के मंत्री डा. शेरिंग दोरजे तथा मुख्य कार्यकारी काऊंसलर एल.ए.एच.डी.सी., लेह डा. सोनम दावा मौजूद थे। 
 

Advertising