जी.एस.टी. को लेकर असमंजस में हैं व्यापारी

Sunday, Jul 02, 2017 - 12:33 PM (IST)

रामनगर : जम्मू-कश्मीर को छोड़ कर देश भर में जी.एस.टी. लागू हो गया है। उम्मीद की जा रही है कि राज्य में जी.एस.टी 6 जुलाई से लागू होगा। परंतु व्यापारी वर्ग में इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि सरकार की ओर से जी.एस.टी. को लेकर अभी तक व्यापारी वर्ग को कोई जानकारी नहीं दी गई है। स्थानीय व्यापारियों का कहना था कि जी.एस.टी. से फायदा होगा या नुक्सान, इसके बारे में वे अभी कुछ भी नहीं कह सकते, क्योंकि इस विषय में उन्हें अभी तक सही जानकारी ही नहीं है। व्यापार मंडल के प्रधान जोगेंद्र वंगाथिया का कहना है कि सरकार को जी.एस.टी. को लेकर शिविर लगाने चाहिए थे, ताकि व्यापारी वर्ग को इसके बारे में सटीक जानकारी मिल सके। वहीं स्थानीय दुकानदारों मनोज, वीरेंद्र, मदन लाल आदि का कहना है कि जी.एस.टी. से अभी तक जानकारी केवल समाचार पत्रों और टी.वी. चैनलों के माध्यमों से ही मिली है।

 

उनका कहना है कि सरकार ने इसे लागू करने से पहले व्यापारी वर्ग को जागरूक करना उचित नहीं समझा, जिससे साफ तौर पर साबित होता है कि सरकार कितनी हड़बड़ी में इसे लागू कर रही है। वहीं कई अन्य व्यापारियों का कहना था कि 40 लाख के टर्न ओवर वाले व्यापारियों को टैक्स से पूरी छूट दी जानी चाहिए, जबकि सरकार ने यह सीमा 20 लाख रुपए तक निर्धारित की है। 
 

Advertising