J&K: एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन जल्द खुलेगा पर्यटकों के लिए, इन लोगों की मेहनत से खिलते हैं रंग-बिरंगे फूल

Monday, Mar 06, 2023 - 04:20 PM (IST)

श्रीनगर: एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन जल्द ही पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। उद्यान इस वर्ष ट्यूलिप की चार नई किस्मों के अलावा 15 लाख से अधिक खिले हुए ट्यूलिप का प्रदर्शन करेगा। आने वाले दिनों में इस संख्या में कई गुना बढ़ोतरी हो सकती है। पर्यटन विभाग के निर्देशक फजलुल हसीब के अनुसार मार्च के आखिरी सप्ताह या अप्रैल के पहले हफ्ते में मौसम की स्थिति के आधार पर आम जनता और पर्यटकों के लिए इसे खोला जाएगा।

अगर मौसम अनुकूल रहता है और तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहता है तो ट्यूलिप बल्ब जल्द ही खिलेंगे। वहीं आज हम आपको उनके बारे में बताने जा रहे हैं जिनके चलते ट्यूलिप गार्डन रंग-बिरंगे फूलों से गुलजार रहता है। यहां पर माली दिन-रात एक करके फूलों की देखभाल करते हैं। ट्यूलिप गार्डन काम करने वाले एक माली ने बताया कि विदेशों से भी ट्यूलिप की नई प्रकार की किस्में आती हैं। उनका खास तौर पर ध्यान रखना होता है।

एक माली ने बताया कि हम बच्चों के जैसे ट्यूलिप फूलों की देखभाल करते हैं और जब यह पूरी तरह खिल जाते हैं तो हमें बहुत खुशी होती है कि हमारी मेहनत रंग लाई। 300 से अधिक माली वर्तमान में ट्यूलिप गार्डन में अथक परिश्रम कर रहे हैं। बता दें कि इस बार हॉलैंड से चार नई ट्यूलिप किस्मों का आयात किया है, जिससे बगीचे में और अधिक आकर्षण होगा, सभी हॉलैंड से मंगाए गए हैं और इस साल विशाल बगीचे में जोड़े जाएंगे। उद्यान को पहली बार 2007 में खोले जाने के बाद दुनिया भर के लोगों सहित 3.60 लाख आगंतुकों की रिकॉर्ड संख्या देखी गई।

Seema Sharma

Advertising