सेना ने आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर 6 गांवों में चलाया ‘कासो’

Tuesday, Aug 29, 2017 - 10:19 AM (IST)

श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद सेना ने 6 गांवों और बांदीपुरा के हाजिन क्षेत्र में घेराबंदी कर एक बड़ा सर्च अभियान (कासो) चला रही है। इस दौरान हाजिन क्षेत्र में लोगों ने सुरक्षा बलों पर पथराव भी किया, जिससे झड़पें हुईं। शोपियां जिले में सेना को गुप्त जानकारी मिली थी कि यहां के कई गांवों में आतंकी छिपे हैं, जिसके बाद सेना ने यहां के 6 गांवों को चारों ओर से घेर कर सर्च ऑप्रेशन चलाया। आप्रेशन के दौरान कुछ स्थानों पर सेना को लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ा। 

 

उधर, बांदीपुरा के हाजिन क्षेत्र में भी आतंकियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया सूचना के आधार पर सेना के 13 आर.आर., पुलिस के एस.ओ.जी. और सी.आर.पी.एफ. ने संयुक्त तौर पर घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान युवक सड़कों पर उतर आए और अभियान को बाधित करने के लिए सुरक्षा बलों पर पथराव किया। पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़पें हुईं। इसी बीच दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मिनी सचिवालय के आसपास के इलाके में आतंकियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया सूचना के बाद सुरक्षा बलों ने घेराबंदी की है। 

 

आई.जी. सी.आर.पी.एफ. के काफिले पर पथराव : 
दक्षिण कश्मीर में पुलवामा जिले के टेंगपूना गांव में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर. पी.एफ.) के महानिरीक्षक (आई.जी.) के काफिले पर लोगों ने पथराव किया, जिसके बाद सुरक्षा बलों को हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा। सूत्रों ने बताया कि आई.जी. का काफिला पुलवामा से अवंतिपुरा जा रहा था कि इस दौरान टेंगपूना गांव में काफिले के पहुंचने पर लोगों ने नारेबाजी करते हुए पथराव किया।  हालांकि इस पथराव में कोई घायल नहीं हुआ, पर सुरक्षा बलों को आत्मरक्षा के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी। एस.एस.पी. पुलवामा ने कहा कि कुछ उपद्रवियों ने आई.जी. के काफिले पर पथराव किया है जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। 

Advertising