बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहलगाम मार्ग से यात्रा शुरू

Sunday, Jul 17, 2016 - 04:32 PM (IST)

श्रीनगर: दक्षिण कश्मीर में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पारंपरिक पहलगाम मार्ग पर पांच दिन तक स्थगित रहने के बाद यात्रा आज फिर से शुरू हो गई और बालटाल मार्ग पर भी यात्रा सुचारू रूप से चल रही है।  दो जुलाई से शुरू हुई 48 दिवसीय अमरनाथ यात्रा में अभी तक एक लाख 68 हजार से ज्यादा श्रद्धालु हिम शिवलिंग का दर्शन कर चुके हैं। मंगलवार को पलगाम से भगवान शिव की चांदी की छड़ी ‘छड़ी मुबारक’ से जुड़े अनुष्ठान शुरू होंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पहलगाम मार्ग से यात्रा आज शुरू हो गई।

सुरक्षा कारणों से 12 जुलाई से इस मार्ग पर यात्रा बंद थी और यात्रियों को जम्मू से सीधे बालटाल आधार शिविर ले जाया जा रहा था। उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने कहा कि हिंसा शुरु होने के बाद से सौभाग्य से अमरनाथ यात्रियों या घाटी में रहने वाले अल्पसंख्यकों पर किसी तरह के हमले की कोई रिपोर्ट नहीं है।

यात्रा से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए 108 वाहनों में कल दोपहर को रवाना होने वाले 3236 यात्री आज सुबह कश्मीर घाटी पहुंच गए। इनमें से कई यात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर के लिए यात्रा जारी रखने का निर्णय लिया है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन ने कई इंतजाम किए हैं।

Advertising