बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए रवाना हुआ 3926 श्रद्धालुओं का जत्था

Sunday, Jul 28, 2019 - 01:35 PM (IST)

ये नहीं देखा तो क्या देखा (Video)
जम्मू (मगोत्रा): विश्व प्रसिद्ध श्री अमरनाथ यात्रा में शिवभक्तों में जोश व उत्साह अभी भी बरकरार है और पिछले कुछ सालों की तरह इस बार शिवभक्तों की संख्या में निरंतर वृद्धि जारी है। जम्मू में मानसून की बारिशों के चलते आने वाली परेशानियों के बावजूद यात्रियों के उत्साह में कोई गिरावट नहीं आई है तथा अब भी उनका बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए देशभर से चलने वाली ट्रेनों, निजी बसों, हल्के वाहनों में जम्मू में पहुंचना जारी है और कई सालों के रिकार्ड ध्वस्त होंगे।

शनिवार को जम्मू के यात्री निवास से 3926 तीर्थयात्रियों का जत्था दक्षिण कश्मीर के बालटाल और नुनवान-पहलगाम बेस कैम्प की ओर कड़ी सुरक्षा में भेजा गया। जम्मू से बालटाल के लिए भेजे गए इस जत्थे में 1137 पुरुष, 462 महिलाएं व 9 बच्चे शामिल थे। इन 1608 शिवभक्तों को 85 हल्के व हैवी वाहनों में रवाना किया गया। जबकि नूनवान/पहलगांव के मार्ग से 2318 यात्रियों के जत्थे को 80 हल्के व हैवी वाहनों में रवाना किया गया, जिस में 1747 पुरुष, 323 महिलाएं, 8 बच्चे, 190 पुरुष साधु व 50 महिला साधु शामिल हैं। अमरनाथ यात्रा खराब मौसम होने की वजह से एक दिन तक स्थगित करने के बाद शनिवार को पुन: शुरू कर दी गई। 

इस बार अरनाथ यात्रा 45 दिन की है और अभी भी बहुत से श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रियों का मानना है कि भोले के दर्शन करने से ही मानव पाप से मुक्त हो जाता है। विभिन्न राज्यों से आए यात्री कई दिनों की बस, ट्रेन यात्रा कर बाबा भोले नाथ के दर्शनों के लिए इस दिन का बेसब्री से इंतजार करते हैं। पंजाब के मुक्तसर से आए श्रद्धालु वीरा, रछपाल व शम्भू दास आदि ने कहा कि अमरनाथ यात्रा का बहुत ही महत्व है। हिन्दू धर्म में जिस प्रकार शिव के अन्य धामों का महत्व है, उसी प्रकार कश्मीर स्थित हिमालय की पहाडि़यों में हिमलिंग बर्फानी का उतना ही महत्व है। श्रद्धालुओं के अनुसार काफी समय से अमरनाथ यात्रा की पारम्परिक यात्रा जारी है और अब जम्मू-कश्मीर में श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था में काफी फर्क आया है। 

Lata

Advertising