पाकिस्तानी युवक को मिलेगी नई जान, सीने में धडक़ेगा हिन्दोस्तानी दिल

punjabkesari.in Friday, Sep 30, 2016 - 04:32 PM (IST)

जम्मू: भारत और पाकिस्तान की सीमाओं पर तनाव है। जहां उड़ी हमले के बाद भारत द्वारा पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद दोनों देशों की जनता भी एक दूसरे के खिलाफ गुस्सा निकाल रही है वहीं एक पाकिस्तानी युवक दिल और फेफड़े की तलाश में भारत आया है।

24 वर्षीय युवक मोहम्मद नासिर अपनी जान बचाने भारत आया हुआ है। पंजाब प्रांत का रहने वाला यह युवक इस दिनों मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती है। नासिर के दिल में छेद है। उसके जिन्दा रहने के लिए उसका दिल और फेफड़े दोनों बदलने की आवश्यकता है। टाइम्स आफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक नासिर दो महीने पहले लाहौर से अपने माता-पिता के साथ मुम्बई आया था।

महाराष्ट्र में अंग प्रत्यारोपण का डाटाबेस रखने वाली समिति जोनल ट्रांसप्लांट कोआर्डिनेशन कमेटी के सामने समस्या की स्थिति बन गई है। कमेटी के नियमों के अनुसार अंग उपलब्ध होने पर उसे सबसे पहले भारतीय मरीजों को उपलब्ध करवाया जाता है और इसके बाद अगर किसी का अंग मिलता है तो उसे नासिर को दिया जाएगा। पाकिस्तान में हार्ट ट्रांसप्लांट की सुविधा नहीं है। नासिर के ट्रांसप्लांट प्रक्रिया में करीब 52 लाख का खर्च होगा और पाकिस्तान सरकार यह राशि नासिर के लिए मंजूर कर चुकी है।



सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News