अमरनाथ यात्रा: बम बम भोले के जयकारों के साथ 3791 श्रद्धालुओं का नया जत्था रवाना

Thursday, Jul 13, 2017 - 05:49 PM (IST)

पहलगाम : अमरनाथ यात्रा के 14वें दिन 3791 श्रद्धालुओं के जत्थे को 150 वाहनों में दक्षिण कश्मीर के बालटाल और पहलगाम-नुनवान बेस कैम्प की ओर रवाना किया गया है। इस बार सी.आर.पी.एफ. की एस्कॉर्ट गाड़ी श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ रवाना की गई है। आज भी यात्रियों में उसी प्रकार का जोश और उत्साह देखा गया जैसा कि यात्रा शुरू होने के पहले दिन था। जम्मू के भगवती नगर स्थित आधार शिविर यात्री निवास में श्रीनगर रवाना होने के लिए शिव भक्तों में खासा उत्साह देखा गया और वे अगले पड़ाव के लिए बढ़ते चले गए। ‘बम-बम भोले’, ‘जय भोले नाथ’, ‘जय बाबा बर्फानी, भूखे को अन्न, प्यासे को पानी’ के जयघोष से पूरा भगवती नगर शिवमय हो गया।

 

पहले दिन पंजीकरण दूसरे दिन रवाना
बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए देशभर से शिवभक्तों का पहुंचना जारी है। जम्मू पहुंचने पर यात्रियों का तत्काल पंजीकरण किया जा रहा है। यात्री निवास में रोजाना 3 से लेकर 4 हजार तक यात्री पहुंच रहे हैं। यात्रियों का पंजीकरण कर उन्हें अगले दिन रवाना किया जा रहा है। कई यात्री अपने निजी वाहनों से यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं। आज पहुंचने वाले यात्रियों को एडवांस पंजीकरण करने के बाद अगले दिन रवाना किया जा रहा है। पहली बार अमरनाथ दर्शन के लिए जा रहे बिहार के निवासी वनदा और उनके साथियों ने बताया कि ट्रेन में रिजर्वेशन न मिलने के कारण वे बस से जम्मू पहुंचे और यहां पर पहुंचते ही मैडीकल करवा कर यात्रा के लिए पंजीकरण करवाया। जाने से पहले उन्होंने बताया कि वीरवार को सुबह पहलगाम से पवित्र गुफा की ओर यात्रा आरंभ करेंगे। भोले बाबा की कृपा से यात्रा कर जल्दी घर लौटेंगे।

 

श्रद्धालुओं से यात्री निवास फुल
पंजीकरण बंद होने के चलते यात्रियों के ठहरने के लिए कॉम्पलैक्स बनाए गए हैं जिनमें तीन-चार हजार से अधिक यात्री ठहर सकते हैं, लेकिन सभी हॉल और कमरे यात्रियों से फुल हो गए हैं। आलम यह है कि कॉम्पलैक्स के बाहर बनाए गए यात्रियों के शैड में तिल धरने तक की जगह नहीं है। यात्रियों के अनुसार वैसे तो यात्री निवास में काफी जगह है, लेकिन श्रद्धालुओं की अधिक संख्या होने के कारण सभी हॉल फुल हैं। हालांकि आज हुई बारिश से उन्हें बाहर शैड में कोई परेशानी नहीं हुई।

 

2279 श्रद्धालुओं को टोकन जारी
जैसे-जैसे यात्रा में तेजी आती जा रही है, वैसे-वैसे टोकन और पंजीकरण करने के कार्य में तेजी लाई गई है। टोकन सैंटर संगम हॉल में बुधवार को कुल 2279 एडवांस टोकन जारी किए गए। 2179 श्रद्धालुओं का पंजीकरण हुआ महाजन हॉल, सरस्वती और वैष्णवी धाम में बनाए गए पंजीकरण केंद्रों में आज टोकन प्राप्त करने वाले 2179 श्रद्धालुओं का करंट पंजीकरण किया गया।

 

मौसम का हाल
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान जम्मू से लेकर श्रीनगर तक बारिश की संभावना जताई है। जम्मू से पहलगाम और बालटाल तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान बालटाल और पहलगाम मार्ग से पवित्र गुफा तक बारिश होने की पूरी संभावना है।

Advertising