चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग का नया आदेश, युद्ध लड़ने और जीतने के लिए बनाया जाए विशेष बल

Wednesday, Jan 05, 2022 - 11:27 AM (IST)

बीजिंग: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (68) ने युद्ध  लड़ने और जीतने में सक्षम एक विशिष्ट बल बनाने पर ध्यान केंद्रित करते हुए सशस्त्र बलों के प्रशिक्षण के लिहाज से उनके जुटने के लिए नया आदेश जारी किया। शी 2012 से सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (CPC) की अगुवाई कर रहे हैं। वह केंद्रीय सैन्य आयोग (CMC) के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने पद पर बैठने के साथ ही सेना में सुधारों को और प्रौद्योगिकी के सतत उन्नयन के साथ वास्तविक समय में प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी है।

 

शी इस साल पांच साल के दूसरे कार्यकाल की समाप्ति तक सत्ता में बने रह सकते हैं और इस साल के मध्य में आयोजित होने वाली केंद्रीय सैन्य आयोग की कांग्रेस के बाद रिकॉर्ड तीसरे कार्यकाल को भी शुरू कर सकते हैं। यह कांग्रेस पांच साल में एक बार होती है। शी 2018 से हर साल सैनिकों के जुटने के लिए आदेश देते रहे हैं और सेना के लिए अभियान संबंधी प्राथमिकताएं तय करते रहे हैं। चीन की सेना को वार्षिक 200 अरब डॉलर के रक्षा बजट का लाभ मिलता है।

 

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने कहा कि शी ने सेना के लिए इस साल के आदेश में कहा कि सशस्त्र बलों को प्रौद्योगिकी, युद्धक तकनीकों के साथ ही प्रतिद्वंद्वियों पर करीब से नजर रखनी चाहिए, अपने प्रयास दोहरे करते हुए प्रशिक्षण और लड़ाकू अभियानों के साथ तालमेल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेना को क्रमबद्ध प्रशिक्षण को मजबूत करना चाहिए तथा एक विशिष्ट बल के विकास के लिए प्रौद्योगिकियों का विकास करना चाहिए जो युद्ध को लड़ने और जीतने में सक्षम हो।

Tanuja

Advertising