दुनिया की सबसे बड़ी बुद्ध प्रतिमा में आई दरारें

Tuesday, Oct 02, 2018 - 01:47 PM (IST)

बीजिंगः चीन में दुनिया की सबसे बड़ी बुद्ध प्रतिमा इन दिनों चर्चा में है। चीन के दक्षिण-पश्चिमी सिचुआन प्रांत में स्थित इस बहुत ही प्राचीन प्रतिमा में दरार आने के बाद अब इसकी जांच होगी। जांच की प्रक्रिया चार महीने तक चल सकती है। लेशान बुद्ध क्षेत्र की प्रबंधन समिति के अनुसार, लेशान शहर के बाहरी हिस्से में बनाई गई 71 मीटर ऊंची इस प्रतिमा के कुछ हिस्सों में दरार आ गई है और कहीं-कहीं यह टूट भी गई है। 

चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, आठ अक्टूबर से शुरू होने जा रही जांच-परख की प्रक्रिया के दौरान बुद्ध की प्रतिमा का प्रमुख हिस्सा आंशिक तौर पर या पूरी तरह ढक दिया जाएगा। सांस्कृतिक स्मृति-चिह्नों के दर्जनों विशेषज्ञों की निगरानी में प्रतिमा की जांच की जाएगी। इसमें 3डी लेजर स्कैनिंग, इंफ्रारेड थर्मल इमेजिंग जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा और ड्रोन से हवाई सर्वेक्षण भी किया जाएगा।

बुद्ध की इस ऐतिहासिक प्रतिमा के निर्माण में 90 साल से ज्यादा का वक्त लगा था। इसे बनाने की शुरुआत तांग वंश (618-907) के शासन के दौरान वर्ष 713 में हुई थी। यूनेस्को द्वारा विश्व सांस्कृतिक धरोहर घोषित की जा चुकी इस प्रतिमा की कई बार मरम्मत हो चुकी है।  

 

Tanuja

Advertising