इटली में मजदूरों का देशव्यापी हल्लाबोल, 100 से अधिक शहरों में सड़कों पर उतरे श्रमिक और छात्र(Video)
punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 08:02 PM (IST)
Rome:इटली के कई शहरों में शुक्रवार को मजदूर और छात्र सड़कों पर उतरे और उन्होंने अधिक पारिश्रमिक, जीवन-यापन की लागत में कमी एवं बेहतर सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर मार्च किया। इटली के सबसे बड़े मजदूर संघ, CGIL द्वारा बुलाई गई 24 घंटे की हड़ताल के चलते, उत्तर में मिलान और ट्यूरिन से लेकर नेपल्स, पलेर्मो व रोम तक 100 से अधिक शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने वेतन में ठहराव, जीवन-यापन पर लागत बढ़ने और सरकार की उन विफलताओं की आलोचना की, जिनके कारण सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करने और श्रमिकों को सुरक्षा प्रदान करने में वह (सरकार) नाकाम रही है। यह श्रमिक आंदोलन अंतरराष्ट्रीय छात्र एकजुटता दिवस पर हो रहा, जिसके तहत आयोजकों ने इटली के 45 से अधिक शहरों में प्रदर्शन करने की योजना बनाई है।
Italia attraversata dalle #proteste. Lavoratori e studenti in piazza contro il #carovita, i tagli a #scuola e #sanità e le spese militari. Due scioperi generali di 24 ore coinvolgono numerosi settori, dai trasporti locali al pubblico impiego. https://t.co/ks4cLepxmQ
— Tg1 (@Tg1Rai) November 20, 2026
छात्र समूहों ने श्रमिकों के साथ मिलकर शिक्षा में अधिक निवेश, जीवन-यापन के खर्च के संकट को कम करने के उपायों, और असमानता घटाने वाली नीतियां बनाने की मांग की। रोम में एक रैली से पहले, सीजीआईएल के महासचिव मॉरीज़ियो लैंडिनी ने कहा, ''हमें सामाजिक और आर्थिक मॉडल में आमूल-चूल बदलावों की ज़रूरत है।'' इस हड़ताल में सार्वजनिक और निजी, दोनों क्षेत्र शामिल हैं। कई शहरों में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बाधित होने की आशंका थी, जबकि स्कूल के बंद रहने और कुछ स्वास्थ्य केंद्रों में कामकाज बाधित होने के आसार थे। कई शहरों में प्रदर्शनों के आयोजन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए हैं। शुक्रवार के लिए हवाई परिवहन कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़तालें रद्द कर दी गई हैं, हालांकि मिलान और वेनिस हवाई अड्डों पर कर्मियों की अलग-अलग हड़तालें रविवार के लिए निर्धारित हैं।
Fitto lancio di bottiglie, bombe carte e petardi davanti al ministero dell'Istruzione, a Roma, durante il corteo degli studenti organizzato in occasione della giornata di sciopero generale. https://t.co/GqkIeGgD3H
— Local Team (@localteamit) November 20, 2026
CGIL की कार्रवाई के साथ-साथ, कोबास जैसी जमीनी स्तर की यूनियन ने भी अलग-अलग हड़तालें और मार्च आयोजित किए। ये विरोध प्रदर्शन एक राजनीतिक रूप भी ले चुके हैं। देश भर में विपक्षी नेता इन प्रदर्शनों में शामिल हो रहे हैं और मजदूरों की मांगों का समर्थन कर रहे हैं। साथ ही वे वेतन और सामाजिक खर्च के मुद्दों पर प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार की आलोचना भी कर रहे हैं। आयोजकों ने कहा कि मजदूरों और छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों को जोड़ने वाली मुख्य बात ऐसी नीतियों की मांग है, जो नौकरियों, सार्वजनिक सेवाओं और जीवन स्तर को सरकार की प्राथमिकताओं के केंद्र में रखें। यह भी उम्मीद थी कि कई प्रदर्शनकारी ऐसे बैनर लेकर आएंगे, जिनमें शांति की अपील की गई हो और कल्याणकारी कार्यों, स्कूलों तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निवेश बढ़ाने की मांग की गई हो।
