इटली में ऑस्ट्रेलियाई महिला का डरावना अनुभवः चंद घंटों में 2 बार अपहरण की कोशिश, मुश्किल से बचाई जान

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 05:02 PM (IST)

International Desk: ऑस्ट्रेलिया की 36 वर्षीय स्टेफनी ने इटली के सिसिली में छुट्टियों के दौरान अपने साथ हुई दो कथित अपहरण की कोशिशों का चौंकाने वाला दावा किया है। महिला का कहना है कि कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग लोगों ने उसे अपने कब्जे में लेने की कोशिश की, लेकिन वह दोनों बार साहस और सूझबूझ से बच निकलने में सफल रही। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेफनी पिछले वर्ष अक्टूबर में यूरोप घूमने गई थीं। दोस्तों के लौटने के बाद वह इटली में रुक गईं, जहां वह एक यूरो में घर खरीदने की योजना और काइटबोर्डिंग के लिए सिसिली के लो स्टान्योने इलाके पहुंचीं।

 

उन्होंने बताया कि काइटबोर्डिंग समूह के एक व्यक्ति ने उन्हें दूसरी जगह छोड़ने की पेशकश की। लेकिन रास्ते में चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और उनके बार-बार रोकने के अनुरोध को नजरअंदाज कर दिया। स्टेफनी ने अपनी लाइव लोकेशन अपने प्रशिक्षक को भेज दी। करीब 12 किलोमीटर बाद कार एक बंद परिसर में पहुंची। जैसे ही वाहन रुका, उन्होंने दरवाजा खोला और दौड़कर वहां से निकल गईं। काफी दूर पैदल चलने के बाद उन्हें एक छोटे कस्बे में सुरक्षा गार्ड मिला।
 

 

स्टेफनी का दावा है कि सुरक्षा गार्ड उन्हें होटल छोड़ने के लिए तैयार हो गया, लेकिन रास्ते में उसने गाड़ी रोककर उनके फोन में अनुवाद ऐप के जरिए संदेश लिखा, "घर छोड़ने के बदले तुम मेरे लिए क्या करोगी?" यह देखकर स्टेफनी तुरंत गाड़ी से उतरकर फिर भाग गईं। उन्होंने पास के अंगूर के बाग में छिपकर अपनी जान बचाई और पैदल होटल पहुंचीं। महिला ने बताया कि इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गईं और अगले दिन तक सदमे में रहीं। उन्होंने कहा कि वह इस घटना के लिए पूरे इटली या वहां के लोगों को जिम्मेदार नहीं मानतीं, लेकिन अब उन्होंने इटली में घर खरीदने और अकेले काम करने की अपनी योजना फिलहाल टाल दी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja