महिला ने तीसरी बार की व्हाइट हाऊस में घुसने की कोशिश,  गिरफ्तार

Monday, Mar 27, 2017 - 05:44 PM (IST)

वाशिंगटनः राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए व्हाइट हाऊस में घुसने की कोशिश करने वाली महिला को एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया गया। 38 वर्षीय यह महिला एक हफ्ते में तीन बार व्‍हाइट हाऊस में इस तरह घुसने की कोशिश कर चुकी है और हर बार पकड़ी गई। ताजा घटना रविवार की है। रात सवा 2 बजे अचानक अलार्म बजने पर व्हाइट हाऊस के सुरक्षाकर्मी सतर्क हो गए।

उस वक्त एवरेट की रहने वाली मार्की एंडरसन वाल व्हाइट हाउस के पास स्थित इमारत की दीवार फांदने की कोशिश कर रही थी। उसके पास एक बैग भी था। हालांकि जांच में उसके पास से कोई खतरनाक वस्तु नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार, वाल का कहना था कि वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करने आई है।

पहली बार 21 मार्च को वाल को यहां की दीवार लांघने की कोशिश में गिरफ्तार किया गया था। हिरासत में लेने के बाद उसे व्हाइट हाऊस परिसर से बाहर रहने का आदेश दिया गया था। इसके बाद 24 मार्च को भी उसने ऐसा ही प्रयास किया और फिर पकड़ी गई। तब उस पर व्हाइट हाऊस परिसर से दूर रहने के आदेश का उल्लंघन करने के मामले में अदालत की अवमानना का मामला दर्ज किया गया था। हालांकि उसे निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया था।

Advertising