2022 में पाकिस्तान अंतरिक्ष में भेजेगा पहला यात्री, लेगा चीन की मदद

Sunday, Oct 28, 2018 - 02:45 PM (IST)

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने  घोषणा की कि चीन की मदद से 2022 में पहली बार किसी पाकिस्तानी को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा । उन्होंने यह घोषणा प्रधानमंत्री इमरान खान की पहली चीन यात्रा से पहले की है।  चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान ने 2022 में अपना पहला अंतरिक्ष अभियान भेजने की योजना बनायी है और गुरुवार को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुई संघीय मंत्रिमंडल की बैठक में योजना को मंजूरी दी गई। खबर के अनुसार पाकिस्तान अंतरिक्ष एवं बाह्य वातावरण शोध आयोग और एक चीनी कंपनी के बीच पहले ही एक समझौते पर हस्ताक्षर किया जा चुका है।इससे पहले इस साल पाकिस्तान ने चीनी प्रक्षेपण यान की मदद से दो उपग्रहों को पृथ्वी की कक्षा में भेजा था। दोनों उपग्रहों का निर्माण पाकिस्तान में किया गया था।

चीन ने 2003 में पहली बार अपने किसी अंतरिक्ष यात्री को अंतरिक्ष में भेजा था। इसी के साथ रूस एवं अमेरिका के बाद वह स्वतंत्र रूप से मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान पूरा करने वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया था। खबर में विदेश कार्यालय के हवाले से बताया गया कि प्रधानमंत्री खान तीन नवंबर को चीन की अपनी पहली यात्रा पर रवाना होंगे और राष्ट्रपति शी चिनफिंग और अपने समकक्ष ली क्विंग के साथ बैठक करेंगे।   गौरतलब है कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने एक बार बड़ी उपलब्धि हासिल करने की ओर अपना कदम बढ़ा चुका है। अगर सबकुछ योजना के मुताबिक रहा तो इसरो पहली बार 2022 तक इंसान को अंतरिक्ष में भेज सकेगा। इस बड़े प्रोजेक्ट को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।इसरो के प्रमुख कैलाशवादिवू सीवन ने गुरुवार को यह जानकारी सार्वजनिक की।
 

Tanuja

Advertising