War Crisis: रूस ने पूर्वी यूक्रेन में हमले किए तेज, विदेश मंत्री लावरोव बोले- यूक्रेन संकट के लिए अमेरिका जिम्मेदार

Wednesday, Apr 20, 2022 - 11:22 AM (IST)

 इंटरनेशनल डेस्कः रूस-यूक्रेन को युद्ध का डेढ़ महीने से ज्यादा हो गया है लेकिन अब तक सुलह का कोई रास्ता नहीं निकल पाया है। दूसरी तरफ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और अमेरिका रूस की तरफ से परमाणु हमले की आशंका जाहिर की है। इस बीच रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इन सभी आशंकाओं को खारिज कर दिया। लावरोव ने कहा- रूस यूक्रेन के खिलाफ सिर्फ पारंपरिक हथियारों का ही इस्तेमाल करेगा, परमाणु हथियारों का नहीं। यूक्रेन में हमारे सैन्य अभियान का नया चरण शुरू हो चुका है। 

Live Updates:-

  • रूसी विदेश मंत्री का कहना है कि यूक्रेन में आज जो भी रहा है उसके पीछे अमेरिका और पश्चिमी देशों की पूरी दुनिया पर राज करने की सोच है। ये सभी देश मिलकर यूक्रेन को भड़का रहे हैं। इन्होंने यूक्रेन में हथियारों को ढेर लगा दिया है।
  • रूसी दावे से इतर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में परमाणु हमले की आशंका जाहिर की गई है। इन रिपोर्ट्स में कहा गया है कि रूस-यूक्रेन बॉर्डर के पास रूस के TU-160 बॉम्बर देखे गए हैं। इन जेट्स का इस्तेमाल परमाणु बम ले जाने के लिए किया जाता है।
  •  कीव के क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख एंड्री नेबिटोव ने कहा है कि रूसी हमलों में क्षेत्र के एक हजार से ज्यादा आम नागरिक मारे गए हैं।  इन सबके बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने फिर से हथियारों की मांग की है। 
  • अपने  विदेश मंत्री के बयान के बीच  रूस ने यूक्रेन के पूर्वी औद्योगिक क्षेत्र में कोयला खदानों और कारखानों पर नियंत्रण हासिल करने के लिए मंगलवार को हमले तेज कर दिए। उसने शहरों और कस्बों के पास सैकड़ों मील लंबे मोर्चे को निशाना बनाया। रूसी बलों का मुख्य लक्ष्य पूर्वी डोनबास क्षेत्र पर कब्जा करना है।
  • रूसी सेना के यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जा करने के असफल प्रयास के बाद यहां जीत उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। पूर्वी शहर खारकीव और क्रामातोर्स्क पहले ही घातक हमलों की चपेट में हैं। रूस ने यह भी कहा कि उसने डोनबास के पश्चिम में जपोरिजिया और निप्रो के आसपास के क्षेत्रों पर मिसाइल हमले किए हैं।  
  • डोनबास में तबाह हो चुके बंदरगाह शहर मारियुपोल में यूक्रेनी सैनिकों ने बताया कि रूसी सेना ने बंदरगाह शहर के एक विशाल इस्पात संयंत्र को नष्ट कर दिया है और एक अस्पताल को भी निशाना बनाया है, जहां सैकड़ों लोगों ने पनाह ली थी।
  • रूस के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने बताया कि रूसी बल यूक्रेन के कई सैन्य ठिकानों पर हमला कर रहे हैं, जिसमें कई शहरों या गांवों में या उसके आसपास सैनिकों के अड्डे और ‘मिसाइल वारहेड स्टोरेज डिपो' शामिल हैं। दोनों ही पक्षों ने इसे युद्ध का एक नया चरण बताया है।

जेलेंस्की ने  देश के नाम जारी किया वीडियो संदेश
रूसी सेना ने देश के दक्षिण-पूर्व से उत्तर-पूर्वी यूक्रेन में 300 मील (480 किलोमीटर) से अधिक के व्यापक मोर्चे पर सोमवार को जबरदस्त हमले शुरू किए थे। यूक्रेन की सेना ने बताया कि रूसी सेना ने ‘लगभग सभी सीमाओं पर हमारे सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश की।' यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रात को देश के नाम जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि रूसी सेना युद्ध में अपना सब कुछ झोंक रही है। देश के अधिकतर सैनिक यूक्रेन में या रूसी सीमाओं पर मौजूद हैं। जेलेंस्की ने कहा, ‘‘उन्होंने लगभग हर उस उस चीज को निशाना बनाया है, जो हमें रूस के खिलाफ लड़ने में सक्षम बनाती है।'' जेलेंस्की ने कहा कि केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के रूसी दावों के बावजूद उसकी सेना द्वारा आवासीय क्षेत्रों पर हमले करना और नागरिकों की हत्या करना जारी है। 


 "हथियार होते  तो हम ये युद्ध काफी पहले समाप्त कर देते "
जेलेंस्की ने कहा है कि अगर हमारे पास वे हथियार होते जिनकी हमें जरूरत है तो हम ये युद्ध काफी पहले समाप्त कर चुके होते।  उन्होंने सहयोगियों से हथियार उपलब्ध कराने का आह्वान करते हुए कहा कि यह उचित नहीं है कि हमें अब भी ये पूछने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है कि सहयोगी देश इतने साल से क्या स्टोर कर रहे थे। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि रूसी सेना ने इस युद्ध में खुद को इतिहास की सबसे बर्बर और अमानवीय सेना के रूप में दर्ज करेगी। 

Tanuja

Advertising