डोकलाम हीरो विजय गोखले आज संभालेंगे विदेश सचिव का पदभार

Monday, Jan 29, 2018 - 11:45 AM (IST)

नई दिल्ली: डोकलाम मामले में हीरो भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ अधिकारी विजय केशव गोखले आज विदेश सचिव का पदभार संभालेंगे। गोखले को 1 जनवरी 2018 को दो साल के कार्यकाल के लिए विदेश सचिव नियुक्त किया गया। चीन के साथ डोकलाम गतिरोध को हल कराने में अहम भूमिका निभाने वाले साल 1981 बैच के अधिकारी गोखले एस जयशंकर की जगह लेंगे।

जयशंकर का कार्यकाल 28 जनवरी को पूरा हो गया। चीन मामलों के विशेषज्ञ माने जाने वाले गोखले (58) अब तक विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह 20 जनवरी 2016 से 21 अक्तूबर 2017 तक चीन में भारत के राजदूत रह चुके हैं।  जयशंकर की नियुक्ति जनवरी 2015 में हुई थी। साल 2017 में उन्हें एक साल का एक्सटेंशन दिया गया था।

भारतीय विदेश सेवा के 1981 बैच के अधिकारी गोखले फिलहाल विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) हैं। 
गोखले को चीन मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है। उन्होंने पिछले साल भारत और चीनी सेनाओं के बीच डोकलाम में 73 दिन लंबे गतिरोध को हल कराने के लिए बातचीत में अहम भूमिका निभाई थी।

Advertising