वियतनाम का चीन को सुझाव- सीमा फाटकों पर कार्गो भीड़ कम करने के लिए निकासी करे बहाल
Monday, Jan 03, 2022 - 05:37 PM (IST)
हनोई: सीमा फाटकों पर कार्गो भीड़ से परेशान वियतनाम ने चीन को सीमा फाटकों पर सीमा शुल्क निकासी बहाल करने का सुझाव दिया। वियतनाम ने कहा कि र्तमान में चीन के गुआंग्शी प्रांत में लगाए गए COVID-19 प्रतिबंधों के कारण कार्गो भीड़ जमा हो रही है जिससे द्विपक्षीय व्यापार प्रभावित हो रहा है। वियतनाम समाचार एजेंसी (वीएनए) के अनुसार वियतनाम और चीन के अधिकारियों द्वारा 31 दिसंबर को चीन के गुआंग्शी की सीमा से लगे क्षेत्रों में माल की भीड़ को संभालने के लिए तत्काल उपायों पर चर्चा की गई।
बैठक में वियतनामी उद्योग और व्यापार मंत्रालय (MOIT) के तहत एशिया-अफ्रीका बाजार विभाग उत्तरी सीमा प्रांतों के अधिकारियों लैंग सोन, क्वांग निन्ह और काओ बैंग और गुआंग्शी के वाणिज्य विभाग के बीच ऑनलाइन वार्ता के दौरान कार्गो भीड़ पर बहस हुई। इस दौरान वियतनामी अधिकारियों ने चीन को सीमा फाटकों पर सीमा शुल्क निकासी बहाल करने और सीमा शुल्क निकासी के लिए समय बढ़ाने का सुझाव दिया।
MOIT ने कहा कि गुआंग्शी द्वारा वर्तमान में लगाए गए COVID-19 की रोकथाम और नियंत्रण के उपायों ने आपूर्ति श्रृंखला को बाधित किया है जिससे द्विपक्षीय व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। जवाब में चीनी पक्ष ने कहा कि वह दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों के अधिकारियों द्वारा विचार और सहमति के बाद सीमा शुल्क निकासी अवधि का विस्तार करेगा ।
बता दें कि 29 दिसंबर को भी वियतनाम के उद्योग और व्यापार मंत्री गुयेन होंग डियान ने कार्गो भीड़ के संबंध में चीनी अधिकारियों को आधिकारिक नोटिस भेजा था। गौरतलब है कि कड़े COVID प्रतिबंधों और तकनीकी कठिनाइयों के चलते दिसंबर के मध्य से हजारों कंटेनर ट्रक चीन के साथ वियतनाम के सीमा द्वार पर फंस गए हैं।