40 मिनट में हुआ एक ग्राम की मछली का आप्रेशन, मालिक ने 9000 रुपए खर्च कर बचाई जान (तस्वीरें वायरल)

Sunday, Sep 22, 2019 - 12:01 PM (IST)

लंदनः इंग्लैंड के वेट्स वेटरनरी हॉस्पिटल की डाक्टर और एक ग्राम की मछली इन दिनों सोशल मीडिया पर सेंसेशन बनी हुई हैं। ब्रिस्टल स्थित इस वेटरनरी हॉस्पिटल में सोन्या माइल्स नामक की डाक्टर ने मोली प्रजाति की एक ग्राम की गोल्ड फिश की सफल सर्जरी कर दुनिया को हैरान कर दिया है।

मछली के पेट में ट्यूमर हो गया था जिसे 40 मिनट के ऑपरेशन के बाद हटा दिया गया। इसके साथ गोल्ड फिश यूके (यूनाइटेड किंगडम) में सर्जरी कराने वाली सबसे छोटी मरीज बन गई है। गोल्ड फिश से उसके मालिक के लगाव के कारण ही 89 रुपए की मछली के ऑपरेशन पर 8912 रुपए खर्च हुए। अस्पताल इससे पहले गिरगिट, छिपकली, सांप और मगरमच्छ जैसे जीवों का ऑपरेशन कर चुका है । सोन्या माइल्स ने बताया, गोल्ड फिश के मालिक को उसके पड़ोसी ने कुछ हफ्तों पहले इसे गिफ्ट किया था।

कुछ दिनों के बाद से फिश के पेट के निचले हिस्से में गांठ जैसा उभार दिखने लगा था। इसके बाद गोल्ड फिश के मालिक ने अस्पताल में सर्जरी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया।सोन्या ने बताया, यह सबसे छोटा प्राणी था,जिसे हम अस्पताल में इलाज के लिए देख रहे थे। गोल्ड फिश का वजन ही 0.03 औंस (एक ग्राम) था। हम मुश्किल से उसका वजन कर पाए। इसके बाद उसके इमरजेंसी ऑपरेशन की तैयारी की, जो 40 मिनट चला। सोन्या माइल्स ने बताया, "हमने सर्जरी से पहले मछली को एक कंटेनर में डाल दिया।

जब मछली शांत हुई, तब उसे ऑपरेशन वाली जगह पर लाए। मछली के आसपास का कुछ हिस्सा गीला रहे इसका इंतजाम किया। इसके बाद मुंह की नली से ट्यूमर को हटाकर बाहर निकाला। ऑपरेशन के बाद मछली के पेट के हिस्से को वाटर प्रूफ पेस्ट से बंद कर दिया। कुछ देर मछली को फिर से ऑक्सीजन युक्त ताजे पानी में डाल दिया। सर्जरी के दिन ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।"
 

Tanuja

Advertising