बर्बाद हो गया ये देशः वकील बने सैक्स वर्कर, अधिकारी बन गए घरेलू नौकर

punjabkesari.in Monday, Jul 30, 2018 - 05:41 PM (IST)

कॉरकसः दक्षिण अमरीका का सबसे अमीर देश वेनेजुएला आज बदहाली में है। सरकार के गलत सामाजिक प्रयोगों  के कारण  आज यहां के नागरिकों के खाने के भी लाले पड़ गए हैं। तेल के मामले में समृद्ध होने के बावजूद  वेनेजुएला के पेशेवर लोग अब यहां के अस्पतालों और यूनिवर्सिटीज को छोड़कर दूसरे देशों में  पलायन कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक वेनेजुएला के वकील मजदूर या फिर सैक्स वर्कर के तौर पर काम करने के लिए मजबूर हैं। वहीं कभी ब्यूरोक्रेट स्तर के अधिकारी रहे लोग अब घरों में नौकर के तौर पर काम कर रहे हैं। कंगाली के कगार पर पहुंच चुके वेनेजुएला से आज हर दिन करीब 5000 लोग दूसरे देश पलायन कर रहे हैं। लोगों का इतनी बड़ी संख्या में पलायन लैटिन अमरीकी इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा पलायन है।
PunjabKesari
एमनेस्टी इंटरनैशन के अधिकारियों का कहना है कि वेनेजुएला का डोमेस्टिक मानवाधिकार संकट आज पूरे दक्षिण अमरीकी क्षेत्र का मानवाधिकार संकट बन गया है। दरअसल वेनेजुएला से बड़ी संख्या में लोग पलायन कर पड़ोसी मुल्कों की तरफ पलायन कर रहे हैं। वेनेजुएला की समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित उसका पड़ोसी और कैरेबियाई देश त्रिनिदाद और टैबेगो हुआ है। वेनेजुएला के लोग बड़ी संख्या में त्रिनिदाद और टैबेगो की सीमा में चोरी-छिपे घुस रहे हैं, जिससे त्रिनिदाद की अर्थव्यवस्था पर भी भारी बोझ पड़ रहा है।
PunjabKesari
चूंकि वेनेजुएला के पड़ोसी देश भी इस स्थिति में नहीं है कि वह बड़ी संख्या में लोगों को अपने यहां शरण दे सकें, इसलिए पड़ोसी देशों में अवैध रुप से घुसने की कोशिश कर रहे वेनेजुएला के लोग मानव तस्करी, जिस्मफरोशी समेत कई तरह के शोषण का शिकार हो रहे हैं। बता दें कि 1950 से लेकर 1980 तक वेनेजुएला आर्थिक रुप से बेहद सशक्त देश हुआ करता था। लेकिन तेल के कारोबार में गिरावट और मुद्रा संकट के चलते वेनेजुएला गंभीर आर्थिक संकट में घिरता चला गया। ह्यूगो शावेज साल 1999 में वेनेजुएला के राष्ट्रपति बने थे, जिन्होंने सामाजिक विकास के मॉडल को अपनाने की कोशिश की। इसके तहत वेनेजुएला के कई निजी बिजनैस बर्बाद हो गए और कई बिजनेस सरकार द्वारा राष्ट्रीयकृत कर दिए गए।
PunjabKesari
बाद में यूनियनों की राजनीति के चलते वेनेजुएला का औद्योगिक विकास बुरी तरह प्रभावित हुआ। वेनेजुएला के मौजूदा राष्ट्रपति निकोलस मादुरौ के सत्ता में आने के बाद से देश के हालात और ज्यादा बिगड़े हैं। कभी एक बस ड्राइवर और बाद में यूनियन लीडर रहे निकोलस मादुरौ की सरकार में भ्रष्टाचार ने देश को बर्बादी की राह पर धकेल दिया है। देश की एलीट क्लास पहले ही देश छोड़कर जा चुकी हैं। अब सिर्फ लाचार मध्यम वर्ग और गरीब जनता ही देश में बची है, जो कि धीरे-धीरे देश से निकलने का प्रयास कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News