अमरीका: टेक्सास के हाई स्कूल में गोलीबारी, 10 लोगों की मौत, हमलावर गिरफ्तार

Saturday, May 19, 2018 - 05:52 AM (IST)

ह्यूस्टन: अमरीका में टेक्सास प्रांत के एक हाई स्कूल में शुक्रवार को एक बंदूकधारी की गोलीबारी में कम से कम दस लोगों की मौत हो गई। यहां से करीब 50 किलोमीटर दूर सांता फे हाईस्कूल में यह वारदात हुई। एक अज्ञात कानून प्रवर्तन अधिकारी को भी गोली लगी है।

हैरिस काउंटी शेरिफ एड गोंजालेज ने कहा कि मृतकों में ज्यादातर छात्र हैं। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए दोनों स्कूल के छात्र हैं उनमें वह भी है जो संभवत: बंदूकधारी है। गोंजालेज ने कहा कि स्कूल में छानबीन जारी है और मौके से विस्फोटक की कोई जानकारी नहीं मिली है। गोलीबारी में कई अन्य छात्र घायल हुए। सांता फे एचएस के सहायक प्राचार्य क्रिस रिचर्डसन ने बताया कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

इस गोलीबारी में कई अन्य विद्यार्थी और एक अधिकारी घायल हो गए। यह गोलीबारी अमरीका में पिछले सात दिनों में स्कूल में गोलीबारी की तीसरी और इस साल गोलीबारी की 22 वीं घटना है। 

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट किया , ‘‘ टेक्सास में स्कूल में गोलीबारी। शुरुआती रिपोर्ट अच्छी नहीं है। ईश्वर सभी पर कृपा बनाए रखें। ’’     

 

Pardeep

Advertising