अमेरिका को रूसी कंपनी का बोइंग 737 जब्त करने का मिला वारंट

Thursday, Mar 09, 2023 - 01:48 PM (IST)

न्यूयॉर्क: अमेरिका में  न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत ने यूक्रेन पर आक्रमण के लिए रूस के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों का हवाला देते हुए एक रूसी ऊर्जा कंपनी के स्वामित्व वाले 2.5 करोड़ डॉलर के बोइंग 737 को जब्त करने की मंजूरी दे दी है। अमेरिकी अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। विमान का स्वामित्व पीजेएससी रोसनेफ्ट ऑयल कंपनी के पास है, जिसका मुख्यालय मॉस्को में है और इसका नेतृत्व प्रतिबंधित इगोर इवानोविच सेचिन कर रहे हैं।

 

अदालत ने कहा है कि निर्यात नियंत्रण सुधार अधिनियम के उल्लंघन के आधार पर इस विमान को अमेरिका द्वारा जब्त किया जा सकता है। ब्रुकलिन में अमेरिकी अटॉर्नी ब्रेओन पीस ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘आज की प्रवर्तन कार्रवाई दर्शाती है कि रूसी कंपनियों और कुलीन वर्गों को यूक्रेन पर गैर-न्यायोचित रूसी हमले के लिए लगाये गये प्रतिबंधों की कीमत चुकानी पड़ेगी।'' रोसनेफ्ट ऑयल ने इस बाबत ईमेल से मांगी गयी टिप्पणी का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया है।

 

पीस के कार्यालय ने कहा कि कंपनी ने उन प्रतिबंधों का उल्लंघन किया है जो अमेरिका-निर्मित विमानों को बिना लाइसेंस के रूस में प्रवेश करने से रोकते हैं। फरवरी 2022 में जब से रूस के खिलाफ प्रतिबंध लगाये गये हैं, विमान ने कम से कम सात बार रूस छोड़ा और फिर वहां प्रवेश किया। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि यह विमान आखिरी बार मार्च 2014 में अमेरिका में था और फिलहाल माना जा रहा है कि यह विमान या तो रूस में है या वहां से ही आवागमन कर रहा है।  

Tanuja

Advertising