अमेरिका में शवदाह गृह से मिले 63 भ्रूण

Monday, Oct 22, 2018 - 02:40 PM (IST)

वॉशिंगटनः अमेरिका में पुलिस को कथित अवैध गतिविधियों की विस्तृत जांच के दौरान एक शवदाह गृह में 63 भ्रूण मिले हैं। अमेरिकी मीडिया के अनुसार यहां के  शहर डेट्रॉयट में शुक्रवार को जांच अधिकारियों ने पेरी फ्यूनरल होम में छापा मारा, जहां उन्हें बक्से में 36 भ्रूणों के अवशेष जबकि बाकि 27 भ्रूण फ्रीजर में मिले।

‘दि डेट्रॉयट न्यूज’ ने पुलिस प्रमुख जेम्स क्रेग के हवाले से कहा, ‘‘जितनी हमें जानकारी थी यह उससे कहीं ज्यादा है।’’ उन्होंने छापे के बाद संवाददताओं को बताया, ‘‘यह अविश्वसनीय है।’ मिशिगन राज्य की नियामक एजैंसी ने इस शवदाह गृह के लाइसेंस को निलंबित कर दिया। एक सप्ताह पहले ही जांच अधिकारियों को शहर में एक अन्य शवदाह गृह की नकली छत में 10 भ्रूण के अवशेष मिले थे। 

राज्य के निरीक्षकों ने आरोप लगाया कि शवदाह गृह समय पर मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने में नाकाम रहा, उन्होंने शवों को दफनाने के लिए अनुमति नहीं ली थी और इसके लिए न ही रिश्तेदारों की तरफ से अनुमति मिली थी। रिपोर्ट में कहा गया कि एक माता-पिता ने पेरी फ्यूनरल होम पर मुकदमा दर्ज कराया है। अन्य एजेंसियों ने भी आरोप लगाया कि शवदाह गृह ने माता-पिता को सूचित किए बिना 3 साल तक विश्वविद्यालय के मुर्दाघर में भ्रूणों के अवशेषों को संग्रहित करके रखा।


 

Tanuja

Advertising