अमेरिका: केंटुकी और मेरीलैंड गोलीबारी में 1 की मौत, 3 पुलिस कर्मियों सहित 6 घायल

Monday, Aug 24, 2020 - 09:43 AM (IST)

लॉस एंजलिसः अमेरिका में 2 स्थानों पर हुई गोलीबारी में 1 व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 3 पुलिस कर्मियों सहित  6 लोग घायल हो गए।  केंटुकी में रविवार को एक मॉल के अंदर गोलीबारी में 1 व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 3  लोग घायल हो गए। लेक्सिंगटन पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि गोलीबारी शाम करीब चार बजे ‘फयात्ते मॉल' में एक दुकान के बाहर हुई। पुलिस ने बाद में कहा कि यह गोलीबारी की सामान्य घटना प्रतीत नहीं होती। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई। संदिग्धों के संबंध में भी पुलिस को अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।

 

अधिकारियों ने मॉल खाली करा कर सभी दुकानों की तलाशी ली। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। इस बीच वहां मौजूद स्थानीय निवासी एलिशिया स्परलॉक ने ‘लेक्सिंगटन हेराल्ड-लीडर' को बताया कि वह और उनकी बेटी मॉल में दुकान से निकली ही थीं, जब अचानक से गोलियां चलने की आवाज आई। उन्होंने कहा, ‘‘ क्या हुआ है यह समझने में मुझे कुछ समय लगा। सभी ने बस भागना शुरू कर दिया था।''  

 

इसके अलावा अमेरिका के मेरीलैंड में रविवार शाम ही गोलीबारी में 3 पुलिस अधिकारी घायल हो गए। प्रिंस जॉर्ज काउंटी के पुलिस विभाग ने ट्वीट किया कि गोलीबारी शाम करीब साढ़े छह बजे बाल्टीमोर के दक्षिण-पश्चिम में 52 किलोमीटर दूर एक शहर में हुई। पुलिस ने बताया कि उन्होंने जवाबी गोलीबारी भी की। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि घायल अधिकारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनकी हालत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।  

  

Tanuja

Advertising