शांतिरक्षक अभियानों के बजट में कटौती

Sunday, Jul 02, 2017 - 11:20 AM (IST)

संयुक्त राष्ट्रः संयुक्त राष्ट्र (UN) आमसभा ने शांतिरक्षक अभियानों के लिए बजट में कटौती का फैसला किया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अगुआई में अमरीकी प्रशासन लगातार बजट में कटौती के लिए दबाव बना रहा था। हालांकि अब भी कटौती ट्रंप प्रशासन की इच्छा के अनुरूप नहीं है। 193 सदस्यीय वैश्विक संगठन में शुक्रवार को बजट को लेकर मतदान हुआ।

लंबी बहस के बाद बजट कमेटी में एक जुलाई से शुरू होने जा रहे वर्ष के दौरान 14 शांतिरक्षक अभियानों के लिए कुल 7.3 अरब डॉलर (करीब 472 अरब रुपए) के बजट को मंजूरी मिली। इसमें 6.8 अरब डॉलर (करीब 439.36 अरब रुपए) के मूल बजट और दो शांतिरक्षक अभियानों के लिए 50 करोड़ डॉलर (करीब 32.31 अरब रुपए) के अतिरिक्त बजट को स्वीकृति दी गई। पिछले साल के मुकाबले बजट में 57 करोड़ डॉलर (करीब 36.83 अरब रुपए) की कटौती की गई है।

शांति कोष में भारत ने दिए 3.23 करोड़
भारत ने यूएन के शांति कोष में 5 लाख डॉलर (करीब 3.23 करोड़ रुपए) का योगदान दिया है। भारत 2005 में शांतिस्थापना आयोग की स्थापना के समय से ही इसका सदस्य है। तब से इस कोष में भारत 50 लाख डॉलर (करीब 32.30 करोड़ रुपए) दे चुका है। इस कोष से संघर्ष से जूझ रहे देशों में शांति कार्यो में लगे संगठनों को मदद दी जाती है।

Advertising