रूस से बढ़ी तनातनी,  यूक्रेन ने सीमाओं पर लगाया मार्शल लॉ

Tuesday, Nov 27, 2018 - 11:40 AM (IST)

मॉस्कोः रूस द्वारा यूक्रेन के 3  नौसैनिक जहाजों पर कब्जे करने के बाद  बढे़ तनाव के चलते  यूक्रेन की संसद  में रूस की सीमा के साथ लगते इलाकों में 30 दिनों के लिए मार्शल लॉ लगाने का प्रस्ताव मंजूर कर दिया गया। इस प्रस्ताव के पक्ष में 276 वोट पड़े जब इसे मंजूरी मिलने के लिए न्यूनतम 226 वोटों की जरूरत थी।  यूक्रेन के राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि मार्शल लॉ का मतलब युद्ध का ऐलान नहीं बल्कि यूक्रेन की सुरक्षा की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाना है। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच फिर तनातनी की स्थिति बन गई है। रूस ने क्रीमिया के नजदीक यूक्रेन के तीन नौसैनिक जहाज जब्त कर लिए हैं। रूस का दावा है कि यूक्रेन के जहाज अवैध रूप से उसकी समुद्री सीमा में प्रवेश कर रहे थे। रूस ने बताया कि उसके सीमा सुरक्षा पोत ने क़़डी प्रतिक्रिया के साथ उन जहाजों को रोका। उन्हें रोकने के लिए गोलीबारी भी की गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको ने घटना की आलोचना करते हुए कहा कि यह कोई दुर्घटना नहीं है। रूस ने जानबूझकर यूक्रेन के जहाजों पर हमला किया है। यूक्रेन के छह जवान इस गोलीबारी में घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

इस घटना की यूक्रेन के सहयोगी पश्चिमी देशों ने भी आलोचना की है। योरपीय संघ ने कहा, 'हम उम्मीद करते हैं कि रूस कर्च स्ट्रेट ([जलमार्ग)] में स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करे। हम सभी से संयम बरतने और स्थिति को सामान्य करने की अपील करते हैं।' नाटो ने भी रूस से कहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अजोव सागर में यूक्रेन के बंदरगाहों तक पहुंच को बाधामुक्त करे।यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने रूस की कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करार दिया है। यूक्रेन ने कहा कि उसने रूस को पहले से ही इस बारे में जानकारी दी थी कि अजोव सागर तक उसके जहाजों को जाने के लिए इस रास्ते से गुजरना है। वहीं, रूस का कहना है कि अपने पश्चिमी सहयोगियों के भड़कावे पर यूक्रेन ने रूस की सीमा का उल्लंघन करने का प्रयास किया है।
 

Tanuja

Advertising