ब्रिटेन में सड़क हादसे में 8 की मौत, मरने वालों में भारतीय भी

Sunday, Aug 27, 2017 - 02:39 PM (IST)

लंदन: दक्षिणी इंग्लैंड में दो ट्रकों की टक्कर के बीच एक मिनीबस के आ जाने से हुई एक सड़क दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में भारतीय भी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।  


मिनी बस में सवार लोगों में से कई लोग भारत से थे जो छुट्टियों में ब्रिटेन में रह रहे अपने परिवार के सदस्यों से मिलने आए थे। लंदन में भारतीय उच्चायोग ने कल बताया, इस दुर्घटना से प्रभावित होने वाले लोगों को हम हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।’’

ब्रिटेन की पुलिस ने दुर्घटना में मारे जाने वाले लोगों का ब्योरा अभी नहीं दिया है। मिनीबस के चालक की पहचान भारत में पैदा हुए सिरियाक जोसफ के तौर पर की गई है। 5 वर्षीय एक बच्ची, एक महिला और एक पुरुष को जानलेवा चोटें आई हैं जबकि एक अन्य महिला को गंभीर चोटें आई हैं। इन सबका अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। दोनों ट्रक के चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से एक पर तय सीमा से ज्यादा शराब पीकर गाड़ी चलाने का शक है। दोनों को पुलिस हिरासत में रखकर उनसे खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने के बारे में पूछताछ की जा रही है। यह दुर्घटना कल बकिंघमशायर में मौजूद न्यूपोर्ट पगनेल के पास राजमार्ग एम1 पर हुई। 

Advertising