महिला के भारतीय लहजे की नकल उतारने वाला ब्रिटिश पुलिसकर्मी बुरा फंसा, गंवाई नौकरी

Monday, Nov 27, 2023 - 02:43 PM (IST)

लंदनः ब्रिटेन में पुलिसकर्मी को एक महिला के भारतीय लहजे की नकल करना भारी पड़ गया है। द डेली मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय लहजे की नकल उतारने वाले पुलिस कांस्टेबल पैट्रिक हैरिसन  को कदाचार का दोषी ठहराया गया है। महिला ने नवंबर 2022 में घृणा अपराध की एक घटना की रिपोर्ट करने के लिए फोन किया था।  कदाचार पैनल के फैसले से पहले   पुलिसकर्मी ने वेस्ट यॉर्कशायर पुलिस से इस्तीफा दे दिया है।पैनल ने कहा क‍ि हैरिसन और महिला के बीच फोन पर बातचीत के बाद, हैरिसन ने कॉल करने वाले द्वारा इस्तेमाल किए गए कुछ वाक्यांशों की नकल की थी।

 

महिला ने इन टिप्पणियों को सुना और इस्लामोफोबिया निगरानी समूह, टेल मामा (मुस्लिम विरोधी हमलों को मापने) को मामले की सूचना दी। हैरिसन ने अपने 'अस्वीकार्य और अक्षम्य' व्यवहार को स्वीकार किया और माना  कि यह पेशेवर आचरण के मानकों का उल्लंघन और घोर कदाचार है। पैनल अध्यक्ष कैथरीन वुड ने कहा कि यदि हैरिसन ने इस्तीफा नहीं दिया होता, तो उन्हें बर्खास्त कर दिया गया जाता।हैरिसन ने पैनल को बताया कि उसे अपने कृत्य पर पछतावा है और उसने फोन करने वाले से मिलकर व्यक्तिगत रूप से माफी मांगने की पेशकश की।

 

द मिरर ने बताया क‍ि वुड ने फैसला सुनाया कि हैरिसन ने कॉल करने वाली महिला के साथ उसकी जाति के कारण भेदभाव किया था। उन्होंने कहा: "पुलिस के भीतर नस्लवाद और इस्लामोफोबिया राष्ट्रीय चिंता के मुद्दे हैं। " पैनल ने कहा क‍ि अधिकारी की हरकतों से महिला को 'मनोवैज्ञानिक परेशानी' हुई और इसके परिणामस्वरूप पुलिस में उसका 'भरोसा और विश्वास खत्म' हो गया।

Tanuja

Advertising