जापान में आया साल का 21वां तूफान, उड़ान सेवाएं रद्द

Monday, Oct 23, 2017 - 03:22 PM (IST)

टोक्योः जापान में सोमवार को तूफान लैन के प्रभाव से चलीं तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण बड़ी संख्या में उड़ान सेवाएं रद्द करनी पड़ी और राजमार्गो को बंद कर दिया गया। समाचार एजैंसी एफे ने जापान मौसम विज्ञान एजैंसी (JMA) के हवाले से बताया कि तूफान लैन 2017 में आया 21वां तूफान है।

इसने स्थानीय समयानुसार सोमवार तड़के लगभग तीन बजे जापान के पूर्वी प्रांत शिजुओका में दस्तक दी।इस दौरान 200 किलोमीटर प्रतिघंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलीं. देश के 2 बड़े एयरलाइंस-जापान एयरलाइंस (JAL) और ऑल निप्पन एयरवेज (ANA) ने सोमवार को लगभग 170 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया। इससे लगभग 43,000 यात्री प्रभावित हुए।

टोक्यो को देश के पश्चिमी हिस्से से जोड़ने वाली हाईस्पीड रेल सेवा टोकाइडो शिंकान्सेन लाइन भी बाधित रही और होंशू में राजमार्ग के कई हिस्सों को बंद कर दिया गया। तूफान लैन की वजह से रविवार को भारी बारिश हुई। यह बारिश मुख्य रूप से देश के पश्चिमी हिस्से में हुई। इस दौरान फुकुओका और यामागुची प्रांतों में 2 लोगों की मौत हो गई। सार्वजनिक प्रसारक एनएचके के मुताबिक, भूस्खलन से एक घर ढहने के बाद वाकायामा में एक शख्स लापता है और 89 लोग घायल हैं।

Advertising