जापान में शक्तिशाली तूफान  'जेबी' की दस्तक, सैंकड़ों उड़ानें रद्द

Wednesday, Sep 05, 2018 - 11:50 AM (IST)

टोक्योः जापान में  'जेबी' तूफान की दस्तक के बाद मंगलवार को 600 से अधिक उड़ानों को रद्द कर दिया गया । मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में तेज हवाएं और भारी बारिश हो सकती है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएनए) ने तूफान जेबी को बेहद शक्तिशाली बताया है। मौसम विभाग के अनुसार शिकोकू द्वीप और की प्रायद्वीप पर शक्तिशाली तूफान आ सकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसके चलते संभावित शक्तिशाली लहरों, बाढ़ और भूस्खलन की भी चेतावनी जारी की गई है। कहा जा रहा है कि जेबी पिछले 25 वर्षों में सबसे शक्तिशाली तूफान साबित हो सकता है। ट्रेनों और हाई-स्पीड रेल सेवाओं जैसे कि ओसाका-हिरोशिमा मार्ग पर संचालित होने वाली रेल सेवाओं को अनिश्चित काल तक के लिए बंद कर दिया गया है।

कुछ कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को मंगलवार को घर से काम करने की सलाह दी है। प्रभावित क्षेत्रों में स्कूलों को भी अनिश्चित काल तक बंद कर दिया गया है। यूनिवर्सल स्टूडियोज ओसाका ने भी अपनी सेवाओं को बंद कर दिया है। इस गर्मी में अब तक कई तूफानों और मूसलाधार बारिश के कारण जापान में 200 लोगों की मौत हो चुकी है।

Tanuja

Advertising