आसमान में उड़ने से पहले जमीन पर टकराए दो विमान, यात्रियों में मचा हड़कंप
punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 11:00 AM (IST)
फ्लोरिडा। अमेरिका के फ्लोरिडा में मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। यहां दो विमान एक ही रनवे के जंक्शन पर पहुंच गए और आपस में टकरा गए। इनमें एक UPS का बोइंग 767 कार्गो विमान था, जबकि दूसरा Copa Airlines का बोइंग 737 यात्री विमान था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दूसरे के विंग को नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की खबर नहीं है।
एक ही समय पर टैक्सीवे पर पहुंचे दोनों विमान
CBS News की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना शनिवार (14 नवंबर) रात करीब 9:15 बजे की है। मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कम्युनिकेशंस डायरेक्टर ग्रेग चिन ने बताया कि UPS का बोइंग 767 कार्गो विमान और Copa Airlines का बोइंग 737 यात्री विमान एक ही समय पर रनवे के जंक्शन यानी लिंक टैक्सीवे पर पहुंच गए थे। इसी दौरान दोनों विमानों के बीच टक्कर हो गई। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को संभालने के लिए कदम उठाए।
Video shows damage to an aircraft following a minor ground collision involving a UPS Boeing 767 and a Copa Airlines Boeing 737 at Miami International Airport, Miami, Florida, USA. https://t.co/qTPUgwtZGA
— Weather Monitor (@WeatherMonitors) November 15, 2026
टक्कर से एक विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
जानकारी के मुताबिक, Copa Airlines के बोइंग 737 यात्री विमान का विंग UPS के बोइंग 767 कार्गो विमान से टकरा गया। इस टक्कर में कार्गो विमान का अगला हिस्सा यानी नोज क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि यात्री विमान के विंग को नुकसान पहुंचा। टक्कर के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों को झटके महसूस हुए। अचानक हुई इस घटना से विमान के अंदर भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। राहत की बात यह भी रही कि हादसे के बावजूद एयरपोर्ट का कामकाज लंबे समय तक प्रभावित नहीं हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ ही घंटों में स्थिति सामान्य कर दी गई। फिलहाल इस घटना से जुड़े कारणों और दोनों विमानों के एक ही टैक्सीवे पर पहुंचने की परिस्थितियों को लेकर जानकारी सामने आना बाकी है।
