Tunisia Boat Disaster: इटली जा रहे प्रवासियों की नाव भूमध्य सागर में पलटी, 2 की मौ/त, 12 लापता

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 09:30 AM (IST)

ट्यूनीशिया : दक्षिणी ट्यूनीशिया के तट के पास प्रवासियों को ले जा रही एक नौका पलटने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई जबकि 12 अन्य लापता हो गए हैं। ट्यूनीशिया के 'नेशनल गार्ड' ने बताया कि केवल एक व्यक्ति को बचाया जा सका है। 'नेशनल गार्ड' के प्रवक्ता हुस्सेम उद्दीन जेबाबली ने बताया कि अधिकारियों ने दो शव बरामद किए हैं। 

उन्होंने राष्ट्रीय रेडियो 'मोसाइको एफएम' को बताया कि करीब 15 लोग जारजिस और बेन गुएरदाने के बीच स्थित तट से इस नौका पर सवार हुए थे। उन्होंने बताया कि नाव गुरूवार तड़के रवाना हुई थी। शनिवार को एक वाणिज्यिक जहाज के चालक दल ने एक व्यक्ति को समुद्र में देखा जिसके बाद उन्होंने उसे सुरक्षित बचा लिया उस व्यक्ति ने लाइफ जैकेट पहनी हुई थी। 

इसके बाद अन्य लोगों की तलाश के लिए क्षेत्र में एक हेलीकॉप्टर और तटरक्षक नौकाएं भेजी गईं। माना जा रहा है कि ये लोग इटली की ओर जा रहे थे। जारजिस लंबे समय से ट्यूनीशिया और अफ्रीका के अन्य हिस्सों से यूरोप जाने वाले प्रवासियों के लिए भूमध्य सागर पार करने का प्रमुख स्थल रहा है। वर्ष 2022 में भी यहां 18 लोगों को लेकर जा रही एक नौका लापता हो गई थी। 

यह भी पढ़ें: Tamil Nadu Free Scheme: पोंगल पर तमिलनाडु सरकार का बड़ा तोहफा, मुफ्त बांटी जाएंगी धोती और साड़ियां

यूरोपीय संघ और ट्यूनीशिया के बीच 2023 में हुए समझौते के बाद ट्यूनीशिया से समुद्र के रास्ते यूरोप जाने वाले प्रवासियों की संख्या में काफी कमी आई है। समझौते के तहत यूरोपीय संघ ने ट्यूनीशिया को अनियमित प्रवासन रोकने के लिए सीमा नियंत्रण मजबूत करने और तटरक्षक बल के प्रशिक्षण में वित्तीय एवं तकनीकी सहायता दी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi