पाकिस्तान में रहने वाले दो भारतीय नागरिक गिरफ्तार

Friday, Mar 31, 2017 - 09:21 PM (IST)

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के कराची शहर में जन गणना के दौरान दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया जिनके बारे में पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा किया है कि ये लोग पिछले आठ साल से गैरकानूनी ढंग से यहां रह रहे थे। कानून प्रवर्तन एजेंसियां इन दोनों से पूछताछ कर रही हैं। सिंध प्रांत के जनगणना आयुक्त अब्दुल अलीम मेमन ने बताया कि दोनों भारतीय नागरिकों को बीते सोमवार को कराची के गुलशन-ए-इकबाल और सदर इलाकों से गिरफ्तार किया गया।

ये दोनों गुजरात के रहने वाले हैं। मेमन ने कहा, ‘‘ये दोनों कराची में जनगणना के दौरान हमें मिले।’’ जनगणना अधिकारियों ने शहर में दो भारतीय नागरिकों की मौजूदगी के बारे में प्रशासन को अलर्ट किया था जिसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने छापेमारी की। अधिकारियों के अनुसार ये दोनों पिछले आठ वर्षों से कराची में रह रहे थे।

समाचार चैनल ‘दुनिया टीवी’ ने खबर दी है कि एक भारतीय नागरिक की पहचान हसन अहमद और दूसरे वसीम हसन के रूप में हुई है। ये दोनों बिना किसी वैध दस्तावेज के पाकिस्तान में रह रहे थे। पाकिस्तान ने करीब दो दशकों के बाद जनगणना का काम शुरू किया है जिनमें दो लाख से अधिक सैनिक और असैन्य अधिकारी भाग ले रहे हैं। यह काम 15 मार्च को आरंभ हुआ और मई के आखिर में संपन्न होगा। 

Advertising